02 जून 2023
मोहला । कलेक्टर एस जयवर्धन ने आगामी निर्वाचन संबंधित तैयारियों की जानकारी दी। कलेक्टर ने कहा कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का चिन्हांकन कर उसका भौतिक सत्यापन कर लें। साथ ही सभी मतदान केन्द्रों के लिए पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था करने कहा। कलेक्टर ने बेरोजगारी भत्ता के कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी सीईओ को जिले में जितने भी आवेदनों का सत्यापन हो चुका है उन्हें नियमानुसार जल्द से जल्द स्वीकृति प्रदान करते हुए पात्रतानुसार निर्धारित समय-सीमा में युवाओं के लिए स्कील ट्रेनिंग की व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने जिले में स्कूल जतन योजना के तहत किए जा रहे शाला भवन जीर्णाेद्धार कार्यों के धीमी गति पर नाराजगी जताई तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने यह निर्देश कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह उपस्थित थी।
कलेक्टर जयवर्धन ने कृषि एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से जिले में खाद-बीज के भंडारण, उपलब्धता एवं वितरण आदि की जानकारी ली और जिले में किसानों को खाद-बीज की कमी न हो इसका विशेष ध्यान रखने कहा। साथ ही उन्होंने कहा कि गोधन न्याय योजना के तहत गौठानों में बने कम्पोस्ट खाद का उठाव खरीफ फसल की बुआई से पहले करवाएं। इसके लिए समितियों में भंडारण को पूर्ण करवाते हुए ज्यादा से ज्यादा वर्मी कम्पोस्ट का वितरण करवाएं। किसानों द्वारा कम्पोस्ट खाद की जहां ज्यादा मांग है उसे प्राथमिकता से पूर्ण करवाएं।
कलेक्टर ने बैठक में गोधन न्याय योजना, पशुओं का टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड, जल जीवन मिशन के कार्य, अमृत सरोवर योजना, मुख्यमंत्री वृक्ष संपदा योजना, चिटफंड कंपन सहित विभिन्न विभाग अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती प्रेमलता चंदेल, जिला नोडल अधिकारी पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग हेमंत ठाकुर, एसडीएम मोहला डॉ. हेमेन्द्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर अमित योगी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Facebook Conversations