किलकारी सुरक्षित करने एक लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा
त्वरित ख़बरें - रिपोर्टिंग निशा बिस्वास मार्केटिंग हेड - शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की अपील
- तीन चरणों में पूरा किया जाएगा पल्स पोलियो अभियान, शुरुआत 27 से

कबीरधाम, 23 फरवरी 2021.

किलकारी सुरक्षित करने के लिए जिले में शून्य से 5 वर्ष तक के लगभग एक लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने हेतु कलेक्टर द्वारा महिला एवं बाल विकास अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र लिखकर यथा आवश्यक सहयोग के लिए कहा गया है।

राज्य भर में 27 फरवरी से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का प्रथम चरण आरम्भ होने वाला है। अभियान को सफल बनाने के लिए कलेक्टर एवं जिला स्वास्थ्य समिति के पदेन अध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने गत दिनों टास्क फोर्स समिति की बैठक ली। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को विभिन्न दिशा-निर्देश देने के साथ ही बूथ पर ही अधिक से अधिक बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने की अपील की है। बैठक में लिए गए निर्णय के तहत हाई रिस्क एरिया में विशेष जनसम्पर्क अभियान के माध्यम से परिजनों को जागरूक किया जाएगा तथा बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के प्रथम दिन बूथ स्तर पर शून्य से 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। दूसरे और तीसरे दिन घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। पल्स पोलियो अभियान की सभी टीम को कोविड प्रोटोकॉल का अनिवार्य पालन करने के लिए कहा गया है।

इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र कुमार मंडल ने बतायाः “आगामी 27 फरवरी से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के प्रथम चरण की शुरुआत की जाएगी। यह अभियान तीन चरणों में पूरा किया जाएगा जिसके अंतर्गत जिले के कबीरधाम विकासखण्ड में 27,380, बोड़ला 23,412, पंडरिया में 40,519 और सहसपुर-लोहारा में 19,526 बच्चों के साथ ही लगभग 1.10 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए कबीरधाम में 292, बोड़ला में 220, सहसपुर-लोहारा में 155 और पंडरिया में 293 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। जिला टास्क फोर्स की बैठक में डब्लूएचओ के प्रतिनिधि द्वारा पिछले सत्र के पल्स पोलियो अभियान की भी सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है। इस वर्ष अभियान के दूसरे दिन 15 साल तक के बच्चों को लकवा की जानकारी लेने व घर में पूर्व में किसी करीबी परिजन को लकवा होने सम्बन्धी जानकारी अवश्य लेने के लिए शासन द्वारा दिए गए निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं”। सीएमएचओ डॉ. मंडल ने लोगों से शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक आवश्यक रूप से पिलाने की अपील की है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations