दुर्ग, जिले के थाना पुलगांव क्षेत्र में ट्यूबवेल से कॉपर वायर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 225 मीटर कॉपर वायर और अन्य विद्युत सामग्री बरामद की है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध के तहत भी कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम चांगोरी निवासी तुलसीराम देशमुख ने 25 मार्च 2025 को थाना पुलगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके खेत में लगे ट्यूबवेल से लगभग 100 मीटर कॉपर वायर चोरी हो गया है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर आरोपी चंदू लोहार, वासु यादव और शंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि चोरी किया गया कॉपर वायर रायपुर निवासी सहल उद्दीन को बेचा गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 100 मीटर कॉपर वायर बरामद किया जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपए बताई गई है।
इसी प्रकार 25 मई 2026 को ग्राम अंजोरा के सरपंच संतोष सारथी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि पंचायत तालाब के पास स्थित ट्यूबवेल से लगभग 90 मीटर कॉपर वायर चोरी कर लिया गया है। जांच के दौरान आरोपियों ने चोरी का वायर रायपुर मौदहापारा निवासी जय नारायण को बेचना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी जय नारायण के कब्जे से लगभग 90 मीटर कॉपर वायर बरामद किया जिसकी कीमत करीब 12 हजार रुपए बताई गई।
वहीं थाना पुलगांव के एक अन्य मामले में आरोपियों ने ग्राम पीछेकर क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों से ट्यूबवेल के कॉपर वायर चोरी करना भी स्वीकार किया। इस मामले में पुलिस ने करीब 35 मीटर वायर जप्त किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आर्थिक लाभ कमाने की नीयत से खेतों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे ट्यूबवेल को निशाना बनाते थे। आरोपियों के खिलाफ धारा 317 बीएनएस और संगठित अपराध की धारा 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
पूरे मामले में थाना पुलगांव पुलिस टीम और चौकी अंजोरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि खेतों और सार्वजनिक स्थलों पर लगे विद्युत उपकरणों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Facebook Conversations