खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव में भाजपा के 10 नेताओं की दावेदारी,
त्वरित ख़बरें - तीन नामाें का एक पैनल केंद्रीय चुनाव समिति को भेजा गया ,

खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव में भाजपा के 10 नेताओं ने टिकट की दावेदारी की है। बुधवार को प्रदेश चुनाव समिति ने इन दावों पर दो घंटे तक मंथन किया। उसके बाद तीन नामाें का एक पैनल केंद्रीय चुनाव समिति को भेजने के लिए तैयार हुआ है। इस पैनल में पूर्व विधायक कोमल जंघेल का भी नाम शामिल है।

भाजपा प्रदेश चुनाव समिति की बैठक बुधवार रात पार्टी के प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हुई। प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिए इस बैठक में शामिल हुईं। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित चुनाव समिति के दूसरे सदस्य इस बैठक में शामिल हुए।

समिति ने पर्यवेक्षक समिति की ओर से बनाई गई 10 दावेदारों की सूची का परीक्षण किया। एक-एक दावेदार की सामाजिक-राजनीतक पृष्ठभूमि पर बात हुई। इस पर जोर सामाजिक समीकरणों और जीत की संभावना पर ही था। अंत में तीन नामों का एक पैनल बनाया गया। इसमें पूर्व विधायक कोमल जंघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह का नाम प्रमुख है। पार्टी इन्हीं तीन नामों को केंद्रीय चुनाव समिति को भेजेगी। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति इन पर विचार करने के बाद खैरागढ़ उप चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार की घोषणा करेगी। बताया जा रहा है, उम्मीदवार की घोषणा अब होली के बाद ही होगी। खैरागढ़ उप चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो रही है।

ऐसे जुटाए गए थे दावेदारों के नाम

भाजपा ने दावेदारों का नाम लेने के लिए पर्यवेक्षक समिति बनाई थी। विधायक शिवरतन शर्मा की अगुवाई वाली इस समिति ने राजनांदगांव और खैरागढ़ जाकर स्थानीय पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं और सामाजिक-व्यापारिक संगठनों के साथ टिकट मांग रहे नेताओं से चर्चा की थी। वहां से रायशुमारी के आधार पर 10 नामों को दावेदार के तौर पर छांटा गया। उनका पूरा विवरण जुटाकर चुनाव समिति में रखा।

आज से शुरू हो जाएगा नामांकन, 12 अप्रेल को मतदान

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक उप चुनाव के लिए नामांकन 17 मार्च को अधिसूचना के प्रकाशन से शुरू हो जाएंगे। नामांकन की आखिरी तारीख 24 मार्च निर्धारित की गई है। 25 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 28 मार्च तक प्रत्याशियों को अपने नाम वापस लेने का मौका दिया जाएगा। उसके बाद वैध प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया जाएगा। खैरागढ़ सीट पर मतदान 12 अप्रैल को होना है। 16 अप्रैल को मतगणना और परिणाम जारी होंगे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations