रायपुर, जशपुर और कवर्धा के कारोबारियों के 15 से ज्यादा ठिकानों पर इनकम टैक्स का छापा पड़ा है। दो दिन पहले शुरू हुई जांच अब भी जारी है। 2 दिन पहले 100 से अधिक आयकर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी इन व्यापारियों के घरों और दफ्तरों में पहुंचे थे। आयकर विभाग के सूत्रों की माने तो शुक्रवार और शनिवार तक भी इन कारोबारियों के अड्डों पर जांच चल सकती है।
अब तक सामने आए तथ्यों के मुताबिक इन कारोबारियों के ठिकानों से 10 करोड़ से अधिक कैश, जेवरात और कई ऐसे दस्तावेज मिले हैं, जिनमें आयकर विभाग को कर चोरी के सबूत नजर आए हैं। यह छापा कवर्धा के कारोबारी कन्हैया अग्रवाल, जशपुर के विनोद जैन, रायपुर के होटल कारोबारी एनसी नाहर और ठेकेदार आशीष अग्रवाल के ठिकानों पर पड़ा है। कन्हैया और विनोद के रायपुर में भी मकान और दफ्तर हैं। इन सभी जगहों पर जांच की जा रही है।
2 दिन पहले दर्जनों इनोवा कारें धड़ाधड़ पहुंची
दर्जनों सफेद और सिल्वर रंग की इनोवा गाड़ियों में आयकर विभाग के 100 से अधिक अफसर सुबह 6 बजे के आसपास कवर्धा, रायपुर और जशपुर में एक साथ पहुंचे। अफसरों को विवाद का अंदेशा था, इसलिए इनके साथ आर्म फोर्स की टीम भी थी। छापे में शामिल बहुत से कर्मचारियों को ये तक नहीं बताया गया था कि जाना कहां है, बीच रास्ते में ही पते बताए गए और सभी अफसर अलग-अलग टीमों में बंटकर जांच के लिए पहुंचे। कारोबारियों के घरों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। बीते दो दिनों से ये कारोबारी और उनका परिवार घरों में कैद है किसी को बाहर आने-जाने की इजाजत नहीं है।

Facebook Conversations