कांकेर जिले के अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग को लेकर एक बार फिर से यहां के ग्रामीणों का गुस्सा फूटा है। इसे लेकर लोगों ने शनिवार को जमकर हंगामा किया। साथ ही अंतागढ़-नारायणपुर रोड पर 8.5 घंटे तक चक्काजाम कर दिया। यहां के लोग पिछले 10 साल से अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद इनकी मांगों को अब तक सुना नहीं गया है।
यहां के लोग पिछले 10 सालों में कई बार जिला बनाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं। इनका कहना है कि किसी तरह से अंतागढ़ को जिला बना दिया जाए। पिछले साल जब मुख्यमंत्री ने राज्य में 4 नए जिलों की घोषणा की थी। उस दौरान भी उन नामों में अंतागढ़ का नाम शामिल नहीं था। जिसके बाद पिछले साल 2021 में भी लोगों ने कई बार प्रदर्शन किया था।
अब शनिवार को एक बार फिर से ग्रामीण अंतागढ़ से नारायणपुर रोड पर मेटाबोदली चौक के पास जमा हो गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगा। उन्होंने एक बार से अपनी मांगों को दोहराया है। लोगों ने कहा है कि यदि हमारी मांगों को सुना नहीं जाता तो आगे आंदोलन और तेज होगा। इस प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल हुईं थी। ग्रामीण यहां सुबह 9 बजे से जमा हुए थे। बाद में एसडीएम मौके पर पहुंचे तब शाम को 5.30 बजे ग्रामीणों का प्रदर्शन खत्म हुआ है।
जिले में रावघाट,आमाबेड़ा और बंडापाल से जुड़े कई गांव ऐसे हैं जो जिला मुख्यालय से 120-150 किलोमीटर दूर हैं। जिसके कारण यहां के लोगों को जिला मुख्यालय आने में काफी समय लगता है। यहां के लोगों का कहना है कि यही समय लगने के चलते हमारा कई काम हो ही नहीं पाता। हमें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए हम अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग कर रहे हैं।

Facebook Conversations