जय भीम:फिल्म  के बढ़ते विरोध के बाद सूर्या के चेन्नई स्थित घर पर पुलिसकर्मी तैनात, वन्नियार संगम ने मांगे 5 करोड़
त्वरित खबरे

एक्टर सूर्या की नई फिल्म जय भीम कई विवादों में आ गई है। वन्नियार समुदाय का कहना है कि फिल्म में उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल किया गया है। इसी के चलते वन्नियार संगम के प्रदेश अध्यक्ष ने एक्टर सूर्या, अमेजन प्राइम और फिल्म के डायरेक्टर टीजे ज्ञानवेल को लीगल नोटिस भेजा है। इसके बाद सूर्या के चेन्नई स्थित घर पर पुलिस की सुरक्षा प्रदान की गई है।

घर के बाहर पुलिसकर्मी तैनात
वन्नियार संगम ने लीगल नोटिस भेजने के साथ कहा है कि फिल्म से जुड़े सभी लोग माफी मांगे और एक हफ्ते के भीतर मुआवजे के रूप में पांच करोड़ रुपये देने की भी मांग की है। फिल्म के कुछ सीन्स पर लोगों ने आपत्ति जताई है उसके बाद से सूर्या को फोन पर लगातार धमकी दे रहे हैं। इसके बाद से उनके घर के बाहर पुलिस तैनात हो गई है। फिलहाल चेन्नई के टी नगर स्थित उनके घर के बाहर हथियारों के साथ पांच पुलिसकर्मी उनकी सुरक्षा में तैनात हैं।

कई सीन्स पर है लोगों को आपत्ति
टीजे ज्ञानवेल की कोर्ट रूम ड्रामा में जाति आधारित भेदभाव की लड़ाई है। इसमें इरुलर समुदाय की जनजाति के बारे में दिखाया गया है कि कैसे पुलिस हिरासत में उन्हें यातनाएं दी जाती थीं। जय भीम में हिंदी भाषी लोगों को भी एक ऐसे सीन से परेशानी हुई जिसमें फिल्म के एक्टर प्रकाश राज को हिंदी में बोलने के लिए एक आदमी को थप्पड़ मारते दिखाया गया है।

नोटिस में एक सीन का भी जिक्र किया गया है, जहां अग्नि कुंडम एक कैलेंडर पर दिखाई देता है। बता दें, अग्नि कुंडम वन्नियारों का प्रतीक है। नोटिस में यह दावा किया गया है कि मेकर्स ने जानबूझकर कैलेंडर रखा था। साथ ही कहा है कि, राजकन्नू को प्रताड़ित करने वाले पुलिसकर्मी के कैरेक्टर को जानबूझकर वन्नियार जाति का दिखाया गया है।

सूर्या ने जारी किया बयान
सूर्या ने बयान जारी कर कहा है कि, मेरी फिल्म और मेरा किसी भी व्यक्ति या समुदाय का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था। इसके बाद सूर्या के फैंस ने जय भीम की टीम को सोशल मीडिया पर सपोर्ट करना शुरू कर दिया और ट्विटर पर #WeStandWithSuriya ट्रेंड करने लगा।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations