रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में इन दिनों जंगली जानवरों का आतंक बढ़ गया है। एक तरफ जहां बंदरों ने एक दर्जन से ज्यादा लोगों को काटकर घायल कर दिया है, वहीं दूसरी ओर हाथियों के झुंड ने रायगढ़-सुंदरगढ़ और तमनार सड़क को जाम कर दिया। लगातार बढ़ती घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
बंदरों के हमले से लोगों में दहशत
पहला मामला चिराईपानी गांव का है, जहां बंदर घरों में घुसकर जमकर उत्पात मचा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, अब तक एक दर्जन से ज्यादा लोगों को बंदर काटकर घायल कर चुके हैं।
शुक्रवार सुबह भी एक महिला समेत दो लोगों पर बंदरों ने हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी वन विभाग की ओर से समय पर ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। बंदरों के आतंक से गांव के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
हाथियों के झुंड ने सड़क पर जमाया डेरा
वहीं दूसरी ओर बंगुरसिया और आसपास के इलाकों में हाथियों का आतंक देखने को मिल रहा है। बताया जा रहा है कि दो दर्जन से ज्यादा हाथियों का झुंड इलाके में सक्रिय है।
इस झुंड से भटके दो हाथी लगातार उत्पात मचा रहे हैं। देर रात हाथी रायगढ़-सुंदरगढ़ और तमनार मार्ग पर पहुंच गए, जिसके कारण सड़क पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सड़क पर लगी वाहनों की लंबी कतार
हाथियों के सड़क पर आने के बाद वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे रास्ता पार करने की कोशिश न करें और सावधानी बरतें। सुबह तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
हाथियों की मौजूदगी से आसपास के गांवों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
हाथियों के हमले में दो लोग घायल
जानकारी के अनुसार, हाथियों के हमले में अब तक दो लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। वन विभाग की टीम लगातार इलाके में निगरानी कर रही है।
आधा दर्जन से ज्यादा गांवों में अलर्ट
वन विभाग ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधा दर्जन से ज्यादा गांवों में मुनादी कराई है। ग्रामीणों को जंगल और हाथियों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Facebook Conversations