जबलपुर में शनिवार रात को खमरिया इस्टेट में क्लोरीन गैस के रिसाव से हड़कंप मच गया। घुटन महसूस होने पर स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। फायर ब्रिगेड के चार कर्मी रिसाव रोकने पहुंचे तो बेहोश हो गए। चारों को अस्पताल भेजा गया। रात में मचे हड़कंप के बाद महाप्रबंधक सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया। घटना के पीछे असामाजिक तत्वों का हाथ बताया जा रहा है।
खमरिया स्थित टाइप-3 कर्मचारी आवास के पास बने पुराने पम्प हाउस से गैस का रिसाव हो रहा है। वहां पानी साफ करने में इस्तेमाल की जाने वाली क्लोरीन गैस के सिलेंडर रखे थे। शनिवार रात इसी पाइपलाइन से रिसाव हो रहा था।आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी शरारती तत्व में गैस की पाइपलाइन को खोल दिया होगा। रात में क्लोरीन गैस फैली तो लोगों को परेशानी हुई।
रिसाव बंद करने के दौरान हुए बेहोश
स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पहले स्थानीय लोगों को सुरक्षित वहां से दूर हटा दिया गया। इसके बाद चार कर्मी राहुल, हरीश रावत, रवि चंद्रा व विशाल शर्मा पम्प हाउस पहुंचे। वहां गैस काफी मात्रा में फैल चुकी थी। चारों रिसाव बंद कर रहे थे। तभी गैस की चपेट में आने से चारों बेहोश हो गए। चारों को तुरंत आयुध निर्माणी खमरिया अस्पताल भेजा गया। दो को प्राथमिक उपचार के बाद देर रात ही घर भेज दिया गया। वहीं दो को भर्ती कर लिया गया था। आज सुबह उन्हें छुट्टी दी गई।

Facebook Conversations