जबलपुर-कटंगी मार्ग स्थित श्रद्धाधाम के पास शुक्रवार को बस व जीप में आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 6 लोग घायल हो गए। घायलों में चार जीप में सवार थे। सभी को कटंगी अस्पताल से रेफर करने पर शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
कटंगी टीआई शिवमंगल सिंह के मुताबिक बस एमपी 09 एफए 9577 जबलपुर से दमोह जा रहा था। वहीं जीप एमपी 34 सीए 1360 दमोह से जबलपुर की ओर आ रहा था। कटंगी क्षेत्र के श्रद्धाधाम के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। एक्सीडेंट इतनी जोरदार थी कि जीप के परखच्चे उड़ गए। जीप कबाड़ में तब्दील हो गया है।
जीप में सवार चार, तो बस में सवार दो घायल
एक्सीडेंट के बाद बस और जीप में सवार लाेगों में चीख-पुकार मच गई। जीप में सवार नरेन्द्र मिश्रा (30), शैलेन्द्र पटेल (40), खुशी पटेल (15), तीनों निवासी दमोह और सत्यम पटेल (26) निवासी बटियागढ घायल हुए हैं।
वहीं बस में आगे की सीट पर सवार लक्ष्मी बाई चौधरी (23), अरूण मिश्रा (50) दोनों निवासी निवासी जबेरा घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों की सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस से सभी को शासकीय अस्पताल कटंगी भिजवाया गया। यहां जीप में सवार चारों घायलों को गंभीर हालत के चलते मेडिकल रेफर कर दिया गया। चारों को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जीप का पहिया फटने से हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस जबलपुर से दमोह और जीप दमोह से जबलपुर आ रही थी। श्रद्धाधाम के पास जीप का दाहिने पहिया फट गया। रफ्तार तेज होने से लहराते हुए जीप सामने से आ रही बस से टकरा गई। कटंगी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

Facebook Conversations