जबलपुर के पनागर में चार बदमाशों ने युवक की बेरहमी से हत्या कर दी ,
त्वरित ख़बरें - युवक पर चाकू और रॉड से ताबड़तोड़ कई वार किया गया हैं

शुक्रवार की देर रात पनागर के अभिमन्यु चौक पर चार बदमाशों ने बाइक सवार युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। युवक पर चाकू और रॉड से ताबड़तोड़ कई वार कर डाले। उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल लाया गया। यहां उसकी मौत हो गई। पनागर पुलिस हत्या का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।

पनागर टीआई आरके सोनी के मुताबिक विनोबा भावे वार्ड निवासी संदीप पटेल (36) प्राइवेट जॉब करता है। शुक्रवार रात वह दोस्तों मोहित रजक व अंकित पटेल के साथ बाइक से निकला था। रात 10.45 बजे के लगभग तीनों अभिमन्यु चौक में रहने वाले आकाश प्रजापति के घर पहुंचे। इसके बाद रात 11 बजे वे घर के लिए निकल रहे थे। अभिमन्यु चौक पर पहले से चारों आरोपी मौजूद थे। चाराें ने संदीप को रोका और उस पर चाकू व रॉड से दनादन वार करने लगे।

दोनों दोस्त छोड़कर भागे

हमलावरों से घिरा संदीप पटेल मदद के लिए चीखता रहा, लेकिन उसके दोनों दोस्त मोहित व अंकित भाग निकले। आरोपियों ने संदीप के पेट, सीने में चाकू से कई वार किए। वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। दोस्तों से सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग चुके थे। संदीप वहां बेहोशी की हालत में मिला। परिजन उसे लेकर मेट्रो अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दोस्तों से पूछताछ जारी

टीआई आरके सोनी के मुताबिक संदीप के दोनों दोस्तों से पूछताछ जारी है। आरोपियों के बारे में पता नहीं चल पाया है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जिस तरह से हत्याकांड को अंजाम दिया गया है, उससे साफ है कि आरोपी तैयारी के साथ आए थे। पुलिस दोस्तों से संदीप से जुड़े विवाद के बावत जानकारी लेने में जुटी है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations