जबलपुर आरपीएफ में तैनात 23 वर्षीय महिला आरक्षक ने सुसाइड कर लिया
त्वरित ख़बरें - 18 महीने पहले मिली थी नियुक्ति

जबलपुर आरपीएफ में तैनात 23 वर्षीय महिला आरक्षक ने सुसाइड कर लिया। महिला आरक्षक उत्सव भवन मदनमहल के पीछे आरपीएफ बैरक में रह रही थी। महिला आरक्षक का किसी युवक से मोबाइल पर आखिरी बार बात हुई थी। मदनमहल पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाते हुए प्रकरण को जांच में लिया है।

मदनमहल पुलिस के मुताबिक भोपाल निवासी आरपीएफ आरक्षक गुड़िया यादव (23) की 18 महीने पहले ही नियुक्ति हुई थी। आरपीएफ बैरक में वह रह रही थी। मंगलवार की रात उसकी भोपाल निवासी किसी परिचित आशीष यादव नाम के युवक से बात हुई। उस समय गुड़िया महिला एसआई पूजा के पास थी। कॉल आने के बाद वह कमरे में चली गई।

रात 10 बजे लगाया फंदा

रात 10 बजे के लगभग आशीष यादव का पूजा के मोबाइल पर फिर कॉल आया। इस बार उसने बताया कि गुड़िया कॉल रिसीव नहीं कर रही है। वह 20 बार से अधिक लगा चुका है। पूजा देखने के लिए गुड़िया के कमरे के पास पहुंची। उसने भी आवाज दी। जवाब नहीं मिलने पर अन्य लोगों को बताया। इसके बाद मदनमहल पुलिस को खबर दी गई।

दरवाजा तोड़कर पुलिस ने शव निकाला

पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर गुड़िया फंदे से लटकी मिली। फंदे से उतार कर उसे आशीष हास्पिटल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गुड़िया के पिता राधेश्याम यादव को सूचना दी गई। बुधवार को गुड़िया के पिता सहित परिजन भी जबलपुर पहुंचे। यहां पीएम के बाद परिजन शव लेकर भोपाल रवाना हो गए।

निकट का रिश्तेदार है आशीष

आशीष यादव के बारे में पता चला कि वह निकट का रिश्तेदार है। अक्सर वह गुड़िया को कॉल करता रहता था। गुड़िया और उसके बीच सुसाइड से पहले विवाद हुआ था। सूरज सेन ने इसकी सूचना थाने में  दी थी। मदनमहल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। पुलिस ने गुड़िया का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations