इंद्रशाह मंडावी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को अपनाकर क्षेत्र में सौर ऊर्जा और आत्मनिर्भरता का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। मोहला-मानपुर क्षेत्र में विधायक श्री मंडावी द्वारा अपने निवास पर 5 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित करवाने की पहल अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई है। उन्होंने न केवल इस महत्वाकांक्षी योजना का प्रचार-प्रसार किया, बल्कि स्वयं लाभार्थी बनकर यह संदेश दिया कि जनप्रतिनिधियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें स्वयं भी अपनाना चाहिए। उनके इस कदम को “कथनी और करनी” के अंतर को समाप्त करने वाली सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना और बिजली खर्च को कम करना है। विधायक श्री मंडावी ने इस योजना के तहत आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन किया और पंजीकृत वेंडर के माध्यम से अपने घर में सोलर प्लांट लगवाया। उन्होंने बताया कि अब उनके घर की अधिकांश बिजली आवश्यकताएं सौर ऊर्जा से पूरी होंगी, जिससे बिजली बिल में भारी कमी आएगी और सरकारी बिजली ग्रिड पर निर्भरता भी घटेगी।
विधायक मंडावी ने क्षेत्र की जनता से भी इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि हर घर सौर ऊर्जा को अपनाता है, तो न केवल बिजली संकट कम होगा बल्कि पूरा क्षेत्र ऊर्जा आपूर्ति के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकेगा। उन्होंने विशेष रूप से मध्यम और गरीब परिवारों के लिए इस योजना को बेहद लाभकारी बताया। उनके अनुसार, सोलर प्लांट लगने से लोगों को लंबे समय तक महंगे बिजली बिलों की चिंता से राहत मिलेगी और यह भविष्य के लिए सुरक्षित निवेश साबित होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा इस योजना के तहत सोलर प्लांट लगाने पर ₹1 लाख 8 हजार रुपए तक की सब्सिडी सीधे हितग्राहियों के बैंक खाते में दी जा रही है। इसके अलावा जिन लोगों के पास एकमुश्त राशि उपलब्ध नहीं है, उनके लिए बैंकों के माध्यम से आसान किस्तों पर ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे आम नागरिकों के लिए सोलर सिस्टम लगवाना पहले की तुलना में अधिक सरल और किफायती हो गया है। विधायक ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक बड़ा कदम है। सौर ऊर्जा के उपयोग से कार्बन उत्सर्जन कम होगा और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
इस पहल के माध्यम से विधायक इंद्रशाह मंडावी ने समाज को स्वच्छ ऊर्जा अपनाने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया है। उनका यह कदम क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के लिए भी प्रेरणा बन रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आज ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ स्वच्छ भारत और हरित ऊर्जा के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Facebook Conversations