भिलाई स्टील प्लांट में 100 किलो कॉपर केबल चोरी, फरार आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग, जिले के भिलाई स्टील प्लांट परिसर में 100 किलोग्राम स्क्रैब कॉपर केबल चोरी के मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 53 वर्षीय जेठूराम, निवासी दक्षिण गंगोत्री सुपेला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर 2026 को केऔसुब इकाई बीएसपी भिलाई की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि कुछ आरोपियों ने भिलाई स्टील प्लांट परिसर में प्रवेश कर स्क्रैब कॉपर केबल चोरी की थी। चोरी की सामग्री बाहर ले जाते समय सीआईएसएफ ने आरोपियों को पकड़ लिया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हरीश बाग, प्रेम कुमार, दीपक ठाकुर, अंकुश ठाकुर, प्रीतम उर्फ पंचू और जीवन सरदार समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और विवेचना में अन्य आरोपी जेठूराम की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें घटना में शामिल होने की जानकारी सामने आने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पूर्व में आरोपियों के कब्जे से 100 किलोग्राम स्क्रैब कॉपर केबल, जिसकी कीमत 50 हजार रुपये, और घटना में इस्तेमाल किए गए 4 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 30 हजार रुपये है, बरामद किए गए थे। इस तरह मामले में अब तक कुल 80 हजार रुपये की सामग्री जब्त की जा चुकी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्लांट परिसर में प्रवेश कर स्क्रैब कॉपर केबल चोरी कर उसे बाहर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। कार्रवाई में भिलाई भट्ठी थाना प्रभारी निरीक्षक दिलेश्वर चन्द्रवंशी सहित प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू, आरक्षक अमित सिंह और आरक्षक जय नारायण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से औद्योगिक और सार्वजनिक परिसरों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अनधिकृत प्रवेश की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Facebook Conversations