इंदिरा मार्केट के लॉज में चल रहा था देह व्यापार, पुलिस की रेड में 3 गिरफ्तार
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने शहर के इंदिरा मार्केट स्थित जलाराम लॉज में संचालित हो रहे कथित अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सिटी कोतवाली थाना और एसीसी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर रविवार शाम को की।

पुलिस के अनुसार, रेड के दौरान लॉज से दो पुरुष और तीन महिलाएं आपत्तिजनक स्थिति में मिलीं। मौके पर लॉज का संचालन करने वाला व्यक्ति भी मौजूद था। तलाशी के दौरान पुलिस ने लगभग 20 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, 80 कंडोम पैकेट तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की।

इस मामले में पुलिस ने पीटा एक्ट (अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम) की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम विजय गुजराती, नारायण देशमुख और तमाशा कुमार साहू बताए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों द्वारा अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से लॉज में कथित रूप से अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations