दुर्ग। संभाग आयुक्त एस.एन. राठौर ने संभागीय अधिकारियों को सभी शासकीय कार्यालयों में फाइलों का मूवमेंट ई-ऑफिस प्रक्रिया के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों को ई-ऑफिस के संबंध में प्रशिक्षण दिया जा चुका है, इसलिए अब सभी कार्यालयों में इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।
संभागीय कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक में आयुक्त राठौर ने सीएम हेल्पलाइन के तहत प्राप्त शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की। उन्होंने एल-1, एल-2, एल-3 और एल-4 स्तर के अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का समाधान ऐसा होना चाहिए, जिससे आवेदक संतुष्ट हों।
आयुक्त ने शैक्षणिक संस्थानों को नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान नियमित रूप से चलाने के निर्देश दिए, ताकि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्परिणामों से बचाया जा सके। इसके अलावा शासन के निर्देशानुसार संभाग की सभी ग्राम पंचायतों में प्राथमिक सहकारी समितियों के गठन पर जोर दिया। आयुक्त सहकारी समिति को दुग्ध, मत्स्य और वनोपज समितियों के गठन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि संभाग की कुल 2,443 ग्राम पंचायतों में से 1,330 में समितियों का गठन किया जा चुका है। वहीं, आयुक्त ने निर्माण कार्य एजेंसियों को दुर्ग स्थित चंदूलाल चंद्राकर चिकित्सा महाविद्यालय और गर्ल्स कॉलेज के हॉस्टल निर्माण में प्रगति लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सीजीएमएससी के निर्माण कार्यों और जल जीवन मिशन की भी समीक्षा की गई।
ध्यान और स्वस्थ कार्यशैली पर भी हुई चर्चा
बैठक से पहले ब्रह्माकुमारी रीता दीदी के मार्गदर्शन में अधिकारियों ने कार्यालयीन कार्य के दौरान तनाव से मुक्ति के लिए ध्यान किया। इस दौरान स्वस्थ कार्यशैली के संबंध में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों को 13 दिसंबर 2026 को ब्रह्माकुमारीज आनंद सरोवर, दुर्ग में आयोजित दिव्य उद्बोधन एवं मेडिटेशन सत्र में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया।
बैठक में उपायुक्त पदुम लाल यादव सहित संभाग स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Facebook Conversations