राजनांदगांव 20 मई 2022

हाईवे में रफ्तार ने एक बार फिर एक युवक की जान ले ली। नागपुर से राजनांदगांव की दिशा में आ रहे तेज रफ्तार मालवाहक ने साइकिल सवार चार मजदूरों को ठोकर मार दी। हादसे में चारों मजदूरों को गंभीर चोटें आई थी, जिसमें एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, वहीं तीन की स्थिति गंभीर है।
इधर हादसे के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने वाहन चालक को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज में जब पुलिस ने ठोकर मारने वाले वाहन की पहचान की और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। हादसा गुरुवार सुबह करीब 8.30 बजे की है।
ग्राम किरगी में रहने वाले परमेश्वर निषाद (18), टूपेश पटेल (28), संजय साहू (26) और बांकल निवासी मोहित खरे (36) अपनी साइकिल से मजदूरी के काम के लिए राजनांदगांव आ रहे थे, तभी उन्हें नागपुर की दिशा से आ रहे मालवाहक चालक ने अपनी चपेट में ले लिया। इससे घायल हो गए। मालवाहक का चालक रफ्तार और बढ़ाते हुए भाग निकला। हाईवे पर तीन दिन पहले ही तेज रफ्तार कंटेनर की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं मृतक की बुआ गंभीर रूप से घायल हुई थी।
आसपास के लोगों ने दी एंबुलेंस व पुलिस को सूचना
हाईवे में मौजूद रहे आसपास के लोगों ने तत्काल घटना की सूचना एंबुलेंस और पुलिस को दी। इसके बाद सभी घायलों को संजीवनी एंबुलेंस के माध्यम मे मेडिकल कॉलेज हास्पिटल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान परमेश्वर निषाद ने दम तोड़ दिया। वहीं मोहित, टूपेश और संजय के हाथ पैर टूट जाने की जानकारी डॉक्टर ने दी है। जिनका इलाज जारी है। घायलों को अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई है।
तीन बहनों का एक भाई था परमेश्वर निषाद
ग्रामीणों ने बताया कि हादसे में मृत परमेश्वर निषाद तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसने हाल ही में बारहवीं की परीक्षा भी पास की थी। परीक्षा के बाद से ही वह गर्मी की छुट्टी के दौरान टाइल्स कारीगर के साथ काम पर जा रहा था। कॉलेज खुलने तक उसने काम पर जाने की बात कही थी, लेकिन इस हादसे में गांव के होनहार युवक की जान चली गई। हादसे में परमेश्वर की मौत की खबर सुनते ही परिजन भी स्तब्ध है।
ग्रामीण कार्रवाई पर अड़े शाम में अंतिम संस्कार
हादसे की सूचना मिलते ही किरगी और बांकल से ग्रामीण मेडिकल कॉलेज हास्पिटल पहुंच गए। इलाके के जनप्रतिनिधि और नेता भी हास्पिटल पहुंचे। पूर्व जिपं सदस्य विभा साहू, जिपं सदस्य महेंद्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी हास्पिटल पहुंचे। जहां ग्रामीणों ने आरोपी वाहन चालक को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस के आश्वासन के बाद शाम में परमेश्वर का अंतिम संस्कार गांव में किया गया।

Facebook Conversations