रायपुर - छत्तीसगढ़ में डिजिटल नवाचार की दिशा में एक अहम पहल करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अत्याधुनिक मोबाइल एप GSTSaar का विमोचन किया। यह ऐप जीएसटी से जुड़ी कानूनी जानकारी को आम लोगों और व्यवसायियों तक सरल और व्यवस्थित रूप में पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें यूजर्स को ई-बुक्स, विशेषज्ञों के लेख, ताज़ा समाचार और AI चैटबॉट जैसी सुविधाएं एक ही मंच पर मिलेंगी, जिससे जटिल कर नियमों को समझना आसान हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
खास बात यह है कि ‘GSTSaar’ ऐप पूरी तरह से छत्तीसगढ़ में ही विकसित किया गया है, जो राज्य की तकनीकी क्षमता और नवाचार को दर्शाता है। इसे मध्य भारत की प्रसिद्ध लॉ फर्म सारस्वत एसोसिएट्स के अधिवक्ताओं द्वारा तैयार किया गया है, जबकि इसकी परिकल्पना और तकनीकी विकास का श्रेय टेक अधिवक्ता विवेक सारस्वत को जाता है। यह ऐप iOS और Android दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकेंगे और जीएसटी से संबंधित जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
ऐप में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित चैटबॉट, रेट फाइंडर, HSN कोड फाइंडर और जीएसटी कैलेंडर जैसी सुविधाएं दी गई हैं। व्यापारी, चार्टर्ड अकाउंटेंट और आम नागरिक अपने जीएसटी से जुड़े सवालों के त्वरित और सटीक जवाब पा सकते हैं। ऐप में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जीएसटी कानून उपलब्ध है, जिससे उपयोगकर्ताओं को समझने में आसानी होती है।

Facebook Conversations