अप्रैल 07 महीने की शुरुआत से ही गर्मी चरम पर है। लगातार तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। इसका असर शहर के प्रमुख तालाबों में भी नजर आने लगा है। टाउनशिप क्षेत्र से लगे तालपुरी में 102 एकड़ में फैला तालाब इन दिनों सूखने लगा है। पूरा तालाब जलकुंभी से अट गया है। गर्मी की वजह की वजह से तालाब का जल स्तर तेजी से गिर रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इस तालाब की वजह से पूरे साल आसपास के करीब 2 किलोमीटर के क्षेत्र में भूजल का स्तर बना रहता है, यदि तालाब किन्हीं कारणों से सूखता है तो इसका असर रुआबांधा से लेकर पद्मनाभपुर और आसपास के अन्य क्षेत्रों में पड़ेगा।
दो हवाओं के मिलने से दोपहर बाद छाए बादल
दोपहर बाद ट्विनसिटी के ऊपर बादल छाए रहे। पूर्वी और दक्षिणी हवा का संगम स्थल बनने की वजह से यह स्थिति बनी। हालांकि सांझ ढलने के बाद बादल उड़ गए और आसमान साफ हो गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि बादलों की आते रहने की वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की फिलहाल संभावना नहीं है। हालांकि अधिकतम तापमान में आंशिक कमी आने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक इससे थोड़े समय के लिए राहत मिली है
अधिकतम तापमान कुछ समय से स्थित बना हुआ
दोपहर बाद अक्सर छाए रहने वाले 10 फीसदी बादलों की वजह से तीन दिनों से अधिकतम तापमान 39 और 40 डिग्री के बीच बना हुआ है। बुधवार को अधिकतम तापमान 39.4 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह 5 अप्रैल को अधिकतम तापमान 39.2 और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री रहा। 4 अप्रैल को अधिकतम तापमान 39.6 और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस तरह अभी दिन और रात का पारा सामान्य के करीब बना हुआ है।
तापमान बढ़ने के आसार, आगे 45 तक पहुंचेगा
विभाग का अनुमान है कि आने वाले तीन दिन तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या इसके आसपास रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। रविवार से अधिकतम तापमान में वृद्धि और न्यूनतम तापमान में आंशिक कमी होने की संभावना है। इस दौरान मौसम साफ रहे सकता है और दोपहर में गर्म हवाएं चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक तापमान आगामी दिनों में 45 डिग्री तक पहुंचने की आशंका बनी हुई है।

Facebook Conversations