घर में घुसकर बुजुर्ग महिला से मारपीट: बदमाश ने बेहोश तक पीटा, दुष्कर्म के भी लगे आरोप
त्वरित ख़बरें - दीपमाला शेट्टी रिपोर्टिंग

भोपाल। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां सिमरिया थाना क्षेत्र में घर में घुसकर बदमाश ने 80 साल की बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की। जब इतने से भी आरोपी का मन नहीं भरा तो उसने कथित तौर पर वृद्ध महिला के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद खून से लथपथ अवस्था में छोड़कर फरार हो गया। 

गांव वालों को जब घटना की जानकारी लगी, तो उन्होंने वृद्ध महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमरिया में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। पीड़ित महिला के परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि वह घर में अकेली रहती थी।  जबकि परिवार के अन्य सदस्य मजदूरी करने के लिए दूसरे जिले में गए हुए थे। तभी गांव का ही एक युवक अचानक घर में चोरी करने के उद्देश्य से आया जिसने पहले तो सोने चांदी के जेवरात लूटने की कोशिश की। जब वृद्ध महिला ने उसका विरोध किया तो युवक के द्वारा बेरहमी से उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद कथित तौर पर दुष्कर्म भी किया। 

इधर घटना के बाद से वृद्ध महिला काफी डरी हुई है। वहीं जिला अस्पताल के सिविल सर्जन आलोक गुप्ता ने कहा कि महिला को गंभीर चोटें आई हैं। जिसका उपचार किया जा रहा है। परिजनों ने वृद्धा के साथ दुष्कर्म की भी बात कही है। जिसकी जानकारी पुलिस को दे दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 

YOUR REACTION?

Facebook Conversations