गांधी एवं शास्त्री जयंती पर तिलईरवार में वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान, विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
त्वरित खबरे : भूमिका

तिलईरवार, राजनांदगांव। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिलईरवार, विकासखंड डोंगरगांव में विद्यालय परिसर और गांव में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।

अभियान के तहत विद्यालय परिसर एवं गांव के आसपास पौधारोपण किया गया। साथ ही साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को पेड़-पौधों के महत्व, पर्यावरण संतुलन और दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान व्याख्याता थंगेश्वर कुमार साहू ने कहा कि महात्मा गांधी का स्वच्छता संबंधी संदेश आज भी प्रासंगिक है। स्वच्छ वातावरण और हरित पर्यावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने सभी से पौधों की नियमित देखभाल करने, आसपास स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। स्वच्छता को अपनी दिनचर्या में शामिल करके और अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

शिक्षक और ग्रामवासी रहे उपस्थित

इस अवसर पर विद्यालय के स्टाफ सदस्यों और ग्राम के गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में थंगेश्वर कुमार साहू, प्रदीप कुमार साहू, भूपेश सहारे, संतोष सहारे, शकुंतला बाई, नागेश कुमार, भूपेंद्र कुमार और कुणाल दास सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं ग्रामवासियों को स्वच्छता अपनाने, पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations