दुर्ग में अवैध शराब बेचते महिला गिरफ्तार, 37 पौवा शराब और नकदी सहित ₹5,250 का माल जब्त
त्वरित खबरें : पायल रिपोर्टिंग

दुर्ग। जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुम्हारी पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 37 पौवा देशी और अंग्रेजी मदिरा तथा शराब बिक्री की नकदी सहित कुल 5,250 रुपये की सामग्री जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम रूपनगर में कुम्हारी सुलभ के पास एक महिला अवैध रूप से शराब बेच रही है। सूचना पर कुम्हारी पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और महिला को पकड़ लिया।

पकड़ी गई महिला की पहचान सीता जगत (55 वर्ष), पति इंद्र जगत, निवासी रूपनगर वार्ड क्रमांक 15, थाना कुम्हारी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 27 पौवा शोले देशी मसाला मदिरा और 10 पौवा सुपर प्लेन मदिरा, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 37 पौवा शराब बरामद की गई। इसकी अनुमानित कीमत 3,500 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री की 1,750 रुपये नकद राशि भी जब्त की गई।

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 386/26 के तहत छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना कुम्हारी की महिला पुलिस अधिकारी एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री की सूचना नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations