बीएसपी की अधिकारी और एवरेस्ट विजेता सविता धापवाल महिला ट्रांस हिमालयन अभियान में शामिल होंगी। उनका चयन देश के विभिन्न प्रदेशों से चुनी गई 10 महिलाओं में किया गया है। इस अभियान में माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली बछेंंद्री पाल भी होंगी। इस अभियान में सभी पर्वतारोही महिलाएं हैं।
इसके तहत अरुणाचल से काराकोरम तक हिमालय के 4,977 किलोमीटर की यात्रा तय की जाएगी। सविता ने एक अलग राह चुनी। उन्होंने एक कठिन, चुनौतीपूर्ण, साहसिक और खतरनाक खेल, पर्वतारोहण को अपनाया। माउंट एवरेस्ट को 1993 में फतह कर चुकी हैं। अब वह 50 से अधिक आयु वर्ग के इस अभियान में शामिल हो रही हैं।
अभियान की शुरुआत फिट इंडिया मूवमेंट के तहत टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन की ओर से की जा रही है। यह अभियान 8 मार्च से शुरू होगी। इन दिनों सविता बीएसपी इंग्लिश मीडियम मिडिल स्कूल, सेक्टर-6 में व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं। सविता की इस उपलब्धि पर भिलाई ही नहीं बल्कि पूरे ट्विनसिटी में खुशी का माहौल है। ट्विनसिटी के लोग इसे गर्व का क्षण मान रहे हैं।
सीईओ अनिर्बान से सविता ने की मुलाकात
भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता ने मंगलवार को सविता से उनके दफ्तर में मुलाकात की। महिला दिवस पर शुरू होने वाले अभियान के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) केके सिंह भी उपस्थित रहे। यह संपूर्ण अभियान आजादी के अमृत महोत्सव को समर्पित होगा। यह अभियान पिछले मई में शुरू होने वाला था। कोविड-19 की वजह से इसे स्थगित किया गया था। अब हालात सामान्य हो रहे हैं।
37 पहाड़ी दर्रों से गुजरेंगे अभियान के सदस्य
अभियान के लिए चुनी गई टीम में सेवा निवृत्त पेशेवर और गृहिणी महिलाएं शामिल हैं। 10 सदस्यीय टीम में 3 एवरेस्ट विजेता हैं। 5 महीने लंबे चलाने वाले अभियान की शुरुआत 8 मार्च को अरुणाचल प्रदेश से होगी। यह 37 पहाड़ी दर्रों से गुजरेगी। यह असम, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नेपाल, उत्तराखंड, हिमाचल और लेह-लद्दाख होते हुए 16,608 फीट की ऊंचाई पर स्थित कारगिल के टाइगर हिल में समाप्त होगा। अभियान का नेतृत्व प्रसिद्ध पर्वतारोही बछेंंद्री पाल करेंगी।

Facebook Conversations