छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सोमवार को एक यात्री बस ने स्कूल जा रही छात्रा को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हुई है। घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने 2 बसों में तोड़फोड़ किया है। साथ ही डेढ़ घंटे तक प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चक्काजाम कर दिया। हादसा अर्जुनी थाना क्षेत्र में हुआ है।
लिमतरा निवासी 11वीं की छात्रा डॉली दास(17) साइकिल से सोमवार सुबह 10 बजे संबलपुर स्थित अपने स्कूल जा रही थी। इस बीच वह संबलपुर नेशनल हाईवे 130 पर पहुंची थी कि रायपुर से धमतरी आ रही महेश ट्रेवेल्स की बस ने उसे सामने से टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद बस ने कुछ दूर तक छात्रा को घसीटा भी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद बस वहां से आगे निकल गई थी।
रायपुर किया गया रेफर
घटना के समय आस-पास के लोग भी वहां मौजूद थे। जिन्होंने छात्रा को तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया गया है। वहीं घटना के बाद गुस्साए लोग ने उसे संबलपुर हाईवे में चक्कजाम शुरू कर दिया। लोगों में गुस्सा इतना बढ़ गया कि आस-पास के लोग भारी संख्या में मौके पर पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने दुर्घटना करने वाली बस के पीछे आ रही महेश ट्रेवेल्स की 2 बसों को रोक लिया और उसमें तोड़फोड़ की है।
करने वाली बस को पकड़ा गया
हादसे के बाद तुरंत ही इस बात की सूचना पुलिस को भी दी गई थी। जिसके बाद पुलिस ने एक्सीडेंट करने वाली बस को भी पकड़ लिया है। चक्काजाम करते हुए लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। उनका कहना था कि इस इलाके में बार-बार हादसा हो रहा है। बड़ी-बड़ी गाड़ियां निकलती हैं। मगर कोई ध्यान ही नहीं देता।
गुस्साए लोग करीब डेढ़ घंटे तक इसी तरह प्रदर्शन करते रहे। वहीं जब प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और काफी समझाइश दी, तब जाकर लोग माने और रास्ते से हटे। फिर गाड़ियों का आवागमन शुरू हो सका है। फिलहाल छात्रा का इलाज रायपुर में जारी है।
बहुत जल्द होगी बस संचालकों की बैठक
इस संबंध में एसडीएम डॉ विभोर अग्रवाल ने बताया कि सड़क हादसे के बाद चक्काजाम की स्थिति बन गई थी। बच्ची की बेहतर इलाज और हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है। रोड क्लियर हो चुकी है। बच्ची को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। आगे कलेक्टर के दिशा निर्देश पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं डीएसपी जीसी पति ने बताया कि बहुत जल्दी बस संचालकों की बैठक ली जाएगी और उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाएंगे।

Facebook Conversations