एक ही ऐप में रेलवे की सभी सुविधाएँ, यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा रेलवन ऐप
त्वरित खबरें :अरुण रेपोर्टिंग

रेलवे यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेल द्वारा विकसित “रेलवन ऐप” आज डिजिटल यात्रा अनुभव का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनता जा रहा है। यह ऐप यात्रियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर रेलवे से जुड़ी सभी आवश्यक सेवाएँ उपलब्ध कराता है, जिससे यात्रा की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल, तेज और सुविधाजनक हो गई है।

इस ऐप के माध्यम से यात्री आरक्षित, अनारक्षित एवं प्लेटफॉर्म टिकटों की आसानी से बुकिंग कर सकते हैं। साथ ही टिकट रद्दीकरण और रिफंड की प्रक्रिया भी बेहद सरल एवं त्वरित रूप में उपलब्ध कराई गई है, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ता। रेलवन ऐप का इंटरफेस उपयोगकर्ता के अनुकूल होने के कारण हर आयु वर्ग के यात्री इसे आसानी से उपयोग कर सकते हैं।

👉 यात्रियों को पीएनआर स्टेटस, वेटिंग स्थिति, लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस, ट्रेन के आगमन एवं प्रस्थान समय, प्लेटफॉर्म नंबर तथा कोच पोजिशन जैसी महत्वपूर्ण जानकारियाँ रियल टाइम में प्राप्त होती हैं, जिससे यात्रा की योजना अधिक बेहतर तरीके से बनाई जा सकती है।

👉 रेलवन ऐप सुरक्षित, सुविधाजनक एवं तेज डिजिटल भुगतान सुविधा उपलब्ध कराता है, जिससे टिकट बुकिंग के दौरान कैश की आवश्यकता समाप्त हो जाती है और पूरा लेन-देन पारदर्शी बनता है।

👉 डिजिटल टिकटिंग सुविधा के कारण यात्रियों का समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है, साथ ही टिकट काउंटरों में लगने वाली भीड़ और लंबी कतारों से भी राहत मिल रही है। यात्री अब कहीं से भी अपने मोबाइल के माध्यम से आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं।

👉 यह ऐप पारदर्शी एवं कैशलेस टिकटिंग व्यवस्था को बढ़ावा देता है, जिससे खुल्ले पैसे और फेक करेंसी जैसी समस्याओं से भी राहत मिलती है।

👉 यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाते हुए रेलवन ऐप के माध्यम से यात्रा के दौरान भोजन ऑर्डर करने की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे पसंदीदा भोजन सीधे सीट तक पहुँचाया जाता है।

👉 डिजिटल इंडिया अभियान को सशक्त बनाने में भी रेलवन ऐप महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह ऐप रेलवे सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर यात्रियों के अनुभव को और अधिक सहज बना रहा है।

👉 विशेष रूप से अनारक्षित टिकट बुकिंग पर डिजिटल भुगतान करने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत की छूट भी प्रदान की जा रही है, जो 14 जुलाई 2026 तक प्रभावी है। यह पहल यात्रियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल द्वारा रेलवन ऐप के प्रचार-प्रसार हेतु व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। बुकिंग कार्यालयों में फ्लेक्स, बैनर एवं पोस्टर लगाए गए हैं तथा प्रमुख स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को इसकी जानकारी दी जा रही है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations