दुर्ग। जिले में नाबालिगों द्वारा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग लगातार विशेष अभियान चला रही है। अभियान के तीसरे दिन 22 नाबालिग वाहन चालक बिना वैध लाइसेंस के वाहन चलाते हुए पकड़े गए। वहीं, पिछले तीन दिनों में कुल 89 नाबालिगों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। कार्रवाई के साथ-साथ अभिभावकों की काउंसिलिंग कर उनसे वचन पत्र भी भरवाए गए।
तीसरे दिन भी जारी रही सख्त कार्रवाई
यातायात पुलिस ने जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, स्कूलों के आसपास और व्यस्त मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान 22 नाबालिग बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते मिले, जिनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।
तीन दिनों में 89 नाबालिगों पर कार्रवाई
विशेष अभियान के तहत लगातार तीन दिनों में कुल 89 नाबालिग वाहन चालकों को पकड़ा गया है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।
अभिभावकों की बैठक, कानून और सुरक्षा की दी जानकारी
कार्रवाई के बाद सभी नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों को पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06, भिलाई बुलाकर विशेष बैठक आयोजित की गई। अधिकारियों ने बताया कि कम उम्र में वाहन चलाना बच्चों और अन्य लोगों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। साथ ही यह भी समझाया गया कि यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है तो वाहन मालिक और अभिभावकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।
वचन पत्र भरवाकर दिलाया गया संकल्प
बैठक के दौरान सभी अभिभावकों से वचन पत्र भरवाया गया, जिसमें उन्होंने यह संकल्प लिया कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस अपने बच्चों को वाहन नहीं चलाने देंगे और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करेंगे।
स्कूलों में चलाया गया जागरूकता अभियान
यातायात पुलिस ने मानसरोवर स्कूल जंजगीरी, शारदा विद्यालय रिसाली, केपीएस दुर्ग, स्वामी आत्मानंद स्कूल फरीद नगर सहित कई विद्यालयों में विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। विद्यार्थियों को बिना लाइसेंस वाहन न चलाने, हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।
स्कूल प्रबंधन को दिए गए सख्त निर्देश
पुलिस ने सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देशित किया है कि कोई भी छात्र-छात्रा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाकर स्कूल न आए। यदि कोई विद्यार्थी वाहन लेकर आता है तो उसके अभिभावकों को तत्काल सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस दुर्ग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे बिना ड्राइविंग लाइसेंस अपने बच्चों को वाहन न दें। एक छोटी-सी लापरवाही किसी परिवार के लिए बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

Facebook Conversations