दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग की महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने शनिवार को निगम आयुक्त श्रीमती लीना कोसम की मौजूदगी में निगम अधिकारियों के साथ शहर में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक महापौर के बंगला एफ-4 में आयोजित हुई, जहां उन्होंने विभागवार कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अप्रारंभ कार्यों को जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।
महापौर ने जल विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक कर्म विभाग और विद्युत विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से चल रहे, पूर्ण हो चुके, लंबित और अब तक शुरू नहीं हुए कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान इंदिरा मार्केट और पुराने बस स्टैंड की मल्टी लेवल पार्किंग, विभिन्न वार्डों में स्वीकृत एवं प्रगतिरत निर्माण कार्य तथा अमृत मिशन के तहत पाइपलाइन विस्तार सहित शहर के अन्य विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई।
उन्होंने शहर के उन क्षेत्रों में, जहां विद्युत पोल पर लाइट नहीं है, वहां जल्द प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। महापौर ने कहा कि विकास और निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के लिए अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
महापौर ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के साथ अप्रारंभ कार्यों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर तत्काल शुरू कराएं।
समीक्षा बैठक में लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, एमआईसी सदस्य लीना दिनेश देवांगन, ज्ञानेश्वर ताम्रकर, निलेश अग्रवाल, कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा, मोहम्मद सलीम सिद्दीकी, भवन अधिकारी प्रकाश चंद थवानी, सहायक अभियंता गिरीश दीवान, राजेन्द्र ढबाले, हरिशंकर साहू, केएस केवलानी सहित निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Conversations