दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 144 पाव शोले मसाला देशी शराब (25.920 बल्क लीटर), एक सुजुकी एक्सेस स्कूटी और मोबाइल फोन सहित कुल 64,400 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक CG 07 BT 1967 नंबर की स्कूटी से जुनवानी क्षेत्र में बिक्री के लिए अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने परिया नाला, जुनवानी के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान मुकेश पाटिल (26 वर्ष) निवासी पावर हाउस, भिलाई के रूप में बताई। तलाशी लेने पर स्कूटी में रखे बैग से 144 पाव देशी शराब बरामद हुई। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त स्कूटी और एक विवो मोबाइल भी जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब, नशीले पदार्थों या किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Facebook Conversations