दुर्ग। मोहन नगर थाना पुलिस ने रायपुर नाका क्षेत्र में जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹9.04 लाख नकद, 10 मोबाइल फोन और ताश की गड्डियां जब्त की हैं।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायपुर नाका इलाके में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपए-पैसों का दांव लगाकर हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल ₹9,04,000 नगद, 10 मोबाइल फोन और ताश पत्ती बरामद की गई। पुलिस ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 473/2026 दर्ज किया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से ताश के पत्तों के जरिए हार-जीत का जुआ खेल रहे थे।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Facebook Conversations