दुर्ग। दुर्ग के श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव हत्याकांड में करीब ढाई साल बाद न्यायालय का फैसला आया है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश, दुर्ग ने मामले में दोषी पाए गए चार आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अन्य धाराओं में भी आरोपियों को दंडित किया गया है। न्यायालय ने यह फैसला 18 नवंबर 2026 को सत्र प्रकरण क्रमांक 175/2024 में सुनाया।
रास्ता रोककर धारदार हथियार से किया था हमला
पुलिस के मुताबिक, 21 मई 2024 की रात करीब 8:15 बजे गंजपारा नाका चौक, दुर्ग के पास श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव का रास्ता रोककर मारपीट की गई थी। इस दौरान आरोपियों ने धारदार हथियार और कड़े से हमला किया था। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद थाना दुर्ग में अपराध क्रमांक 272/2024 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
CCTV और मोबाइल तकनीकी साक्ष्य जुटाए
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रत्यक्षदर्शियों सहित अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन के तकनीकी साक्ष्य, जब्त सामग्री और चिकित्सकीय व फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाकर न्यायालय में प्रस्तुत किए गए। विवेचना पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ अभियोग पत्र दाखिल किया गया।
इन चार आरोपियों को हुई उम्रकैद
न्यायालय ने मामले में चार आरोपियों को दोषसिद्ध कर आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। दोषसिद्ध आरोपियों के नाम हैं—
अक्षत दुबे उर्फ मान्या (23 वर्ष), निवासी कादम्बरी नगर, दुर्ग।
शुभम शर्मा (25 वर्ष), निवासी आदित्य नगर, दुर्ग।
वंश राजपूत (19 वर्ष), निवासी गयाना नगर, दुर्ग।
अमिताभ उर्फ चंदू (19 वर्ष), निवासी हरी नगर, दुर्ग।
हत्या और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में सजा
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चारों दोषियों को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 सहपठित धारा 34 और धारा 120बी के तहत आजीवन कारावास से दंडित किया गया है। इसके अलावा धारा 341 सहपठित धारा 34 के तहत एक माह का साधारण कारावास और अर्थदंड भी लगाया गया है।
वहीं, आरोपी अक्षत दुबे उर्फ मान्या और शुभम शर्मा को आयुध अधिनियम की धारा 25(1-ख) एवं 27 के तहत क्रमशः दो वर्ष और तीन वर्ष के सश्रम कारावास की सजा भी सुनाई गई है।
पुलिस और अभियोजन की प्रभावी पैरवी
दुर्ग पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव और थाना दुर्ग की टीम ने की। जांच के दौरान गवाहों के बयान, भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक परीक्षण से जुड़े पहलुओं पर काम किया गया। शासन की ओर से अपर लोक अभियोजक पंकज बेलचंदन ने न्यायालय में पैरवी की।
पुलिस ने बताया कि विवेचना और अभियोजन के समन्वित प्रयासों से मामले में चारों आरोपियों को दोषसिद्ध कराकर आजीवन कारावास की सजा दिलाई गई।

Facebook Conversations