धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में युवक के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। आरोप है कि नशे में धुत कुछ बदमाशों ने एक युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा, उसके बाल खींचे, उसे जबरन "बाप बोल" कहने के लिए मजबूर किया और चप्पल पर थूककर उसका अपमान किया। घटना का वीडियो बनाकर आरोपियों ने उसे इंस्टाग्राम पर भी साझा कर दिया।
वायरल वीडियो में युवक डरा-सहमा नजर आ रहा है, जबकि आरोपी उसके साथ मारपीट करते हुए लगातार गाली-गलौज और धमकी देते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो में दिखाई दे रहे आरोपियों की पहचान की जा रही है और घटना के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की हिंसा या अपराध से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने के बजाय तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। वहीं, पीड़ित युवक की सुरक्षा और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की बात भी कही गई है।

Facebook Conversations