धमतरी | जिले के केरेगांव वन परिक्षेत्र के छुही बीट में इन दिनों एक दंतैल हाथी विचरण कर रहा है। हाथी की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने हाथी की लोकेशन मिलने के बाद आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है।
वन विभाग के मुताबिक, दंतैल हाथी फिलहाल कक्ष क्रमांक P-143 के आसपास मौजूद है। हाथी के जोगीडीह के आबादी क्षेत्र और धमतरी केरेगांव रेंज की ओर बढ़ने की आशंका को देखते हुए जोगीडीह, छुही, पीपरछेड़ी, बाजारकुर्रीडीह, साल्हेभाट, सिरौदकला और कमारपारा सहित आसपास के गांवों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बासीखाई, झुरातराई और भालुचुवा गांवों में भी ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
हाथी की लगातार निगरानी के लिए वन विभाग की टीम इलाके में तैनात है। प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सावधानी बरतने की जानकारी दी जा रही है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं, उसे परेशान न करें और किसी भी तरह की गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी को दें।
गरियाबंद की ओर से पहुंचा दंतैल
जानकारी के अनुसार, यह दंतैल हाथी गरियाबंद की ओर से उत्तर सिंगपुर होते हुए केरेगांव रेंज में पहुंचा है। हाथी की गतिविधियों को देखते हुए उसके आसपास करीब 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाली बस्तियों को सतर्क किया गया है। वन विभाग हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थिति के अनुसार ग्रामीणों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

Facebook Conversations