भूपेश बोले- धीरेंद्र शास्त्री की रेबीज जांच हो:भगवान राम-कृष्ण की तुलना करने पर पूर्व सीएम ने घेरा, कहा- कोई तो केमिकल लोचा है
त्वरित खबरें : पायल रिपोर्टिंग

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। बघेल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शास्त्री पर निशाना साधते हुए लिखा कि 'कोई तो केमिकल लोचा है। इनकी रेबीज वगैरह की जांच करवाना ठीक होगा।' उन्होंने सवाल उठाया कि हिंदू धर्म की बात करने वाले अब हिंदुओं के आराध्य देवी-देवताओं की खिल्ली क्यों उड़ा रहे हैं।

दरअसल, मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित रामकथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की मुद्राओं की तुलना करते हुए टिप्पणी की थी। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की त्रिभंगी मुद्रा का जिक्र करते हुए कहा था कि श्रीकृष्ण तीन जगह से टेढ़े दिखाई देते हैं, जबकि भगवान श्रीराम सीधे खड़े होते हैं। इसके अलावा उन्होंने अयोध्या और वृंदावन की तुलना भी की थी।

इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मथुरा के कुछ साधु-संतों ने नाराजगी जताई और शास्त्री से माफी मांगने की मांग की। विवाद बढ़ने पर धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण में कोई अंतर नहीं है और उनका उद्देश्य किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने अपनी बात से आहत लोगों से हाथ जोड़कर माफी भी मांगी।

हालांकि, माफी के बाद भी इस मामले पर राजनीतिक बयानबाजी जारी है। भूपेश बघेल की टिप्पणी के बाद यह विवाद धार्मिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations