चंडी मंदिर रोड पर विवाद के बाद युवक की धारदार हथियार से हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के चंडी मंदिर रोड पर गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सारथी मोहल्ले में दो आरोपियों ने युवक देव चौधरी उर्फ धन्ना पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कोमल ढीमर (19) को घटना के चंद घंटों के भीतर पुलिस अभिरक्षा में ले लिया।

बाइक सवार युवकों को रोककर हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे जीत साहू अपने साथी रतन निर्मलकर उर्फ दादू और देव चौधरी उर्फ धन्ना के साथ मोटरसाइकिल से सलीम बिरयानी जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान सारथी मोहल्ले में पोषण दुकान के आगे चंडी मंदिर रोड पर कोमल ढीमर और उसके साथी ने उन्हें रोक लिया। गाली-गलौज को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।

धारदार हथियार से किया हमला

विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने अपने पास रखे धारदार हथियार निकाल लिए और देव चौधरी पर हमला कर दिया। हमले में उसके सीने, पेट और दोनों पैरों की जांघों में गंभीर चोटें आईं। घायल देव को तत्काल ई-रिक्शा से जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बालक की भी संलिप्तता

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी कोमल ढीमर को कुछ ही घंटों में पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में एक विधि से संघर्षरत बालक की भी घटना में संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने दोनों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो लोहे के धारदार हथियार बरामद किए हैं।

बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 466/2026 दर्ज किया है। मामले में धारा 103(1), 296 और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच की जा रही है। मुख्य आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद को हिंसक रूप न दें और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूमने या उनका इस्तेमाल करने वालों की जानकारी पुलिस को देकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations