छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक हादसे में 3 साल के बच्चे की जान चली गई। बताया गया कि निर्माणाधीन दीवार ढहने से बच्चे की मौत हो गई है। वह घर में खेल रहा था। इसी दौरान दीवार अचानक उसके शरीर पर ही गिर गई। जिसके चलते उसकी जान चली गई है। मामला दुलदुला थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर को बंगूरकेला निवासी अनीश जगत(3) पिता अजित नारायण जगत अपने घर में खेल रहा था। उसके घर में इस समय पानी की टंकी बनाई जा रही है। कुछ दिन पहले ही पानी की टंकी की दीवार को खड़ा किया गया था। मगर बारिश की वजह से काम पूरा नहीं हो पाया था।
चिल्लाने की आवाज सुनकर गए परिजन
बताया गया कि बच्चा घर में खेल रहा था। उस दौरान वह खेलते-खेलते उसी निर्माणाधीन दीवार के पास पहुंच गया। कुछ ही देर में दीवार अचानक ढह गई और सीधे उसकी ऊपर जा गिरी। घटना के समय उसके घर के लोग काम कर रह थे। इतने में ही अनीश के चिल्लाने की आवाज आई तो उसके परिजन हड़बड़ा गए। इसके बाद उन्होंने पास जाकर देखा तो दीवार ढह चुकी थी।
दीवार गीली थी
घटना के बाद आनन-फानन में परिजनों ने दीवार की ईंटों वहां से हटाया और बच्चे को अस्पताल ले गए। मगर डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। वहीं इस बात की जानकारी पुलिस को भी दी गई थी। तब पुलिस मौके पर पहुंची थी। इस मामले में दुलदुला थाना प्रभारी संतलाल आयाम ने बताया कि कुछ दिन पहले ही इस इलाके में बारिश हुई थी। जिसके चलते दीवार की नींव कमजोर हो गई थी। इसी कारण यह हादसा हुआ है। घटना की जानकारी रविवार को सामने आ सकती है।

Facebook Conversations