छत्तीसगढ़ के जगदलपुर के महादेवघाट के एक मकान में शनिवार-रविवार की देर रात आग लग गई। आग लपटें इतनी ज्यादा थी कि महज कुछ ही देर में पूरा मकान जलकर खाक हो गया। जब आग लगने की घटना हुई उस समय घर के सारे सदस्य बाहर थे। ऐसे में कोई जन हानि नहीं हुई है। हालांकि घर में रखा लाखों रुपए का सामान जल गया है। आग लगने के कारण का पता नहीं लग सका है। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, महादेव घाट निवासी देवेंद्र तिवारी शनिवार की रात घर से बाहर थे। उन्हें पड़ोसियों ने घर में आग लगने की सूचना दी। थोड़ी देर बाद वे घर पहुंचे और जितना सामान हाथ आया बाहर निकाल दिया। लेकिन, ज्यादातर सामान जलकर खाक हो गया है। आग की सूचना मिलते ही जगदलपुर विधायक रेखचंद जैन भी मौके पर पहुंच गए। आग की लपटें इतनी ज्यादा थी कि आस-पास के घर वालों को भी बाहर निकाला गया।
सूचना मिलने पर कुछ ही देर में 4 दमकल वाहन भी मौके पर पहुंच गए। घंटों मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। 20 फरवरी को इसी इलाके में एक सोफा कारोबारी की दुकान में आग लगी थी। जिन्हें भी लाखों रुपए का नुकसान झेलना पड़ा था। एक सप्ताह के अंदर यह आगजनी की दूसरी घटना थी। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगा रही है।

Facebook Conversations