छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के कारण  वाटर ATM बंद,पियाऊ घर भी नहीं उपलब्ध...
त्वरित ख़बरें -सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी का पारा अब तेजी से ऊपर चढ़ रहा है। राजधानी रायपुर सहित बस्तर में भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में बस्तर के मुख्यालय जगदलपुर में अधिकतम वाटर ATM बंद हैं, जिससे स्थानीय लोगों सहित बाहर से जगदलपुर जाने वालों को पीने की पानी के लिये काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम में उतार चढ़ाव के बाद भी पारा 42 डिग्री पहुँच चुका है और कुछ ही दिनों में तापमान 45 डिग्री पहुँचने के भी आसार हैं। वहीं गर्मी से राहत देने के लिये जगदलपुर में निगम कई व्यवस्थाएं करने के दावे भी कर रही है। इसी बीच निगम की लापरवाही देखने को मिल रही है।भीषण गर्मियों के बीच निगम के कागजों के अनुसार 11 वाटर ATM लगाई गई हैं। लेकिन इनमें से अधिकतम बंद पड़े हैं। इतना ही नहीं, बल्कि यह पहला साल है जब गर्मियों में पियाऊ घरों की व्यवस्था भी नहीं की गई हैं। इसके चलते लोगों में निगम के प्रति नाराज़गी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है, कि गर्मी के मद्देनजर निगम को पहले ही वाटर एटीएम मशीनों को दुरुस्त कर लेना चाहिए था। संभाग मुख्यालय होने के चलते जगदलपुर में बस्तर संभाग के कोने कोने से लोग तो पंहुचते ही है। इसके साथ ही उड़ीसा और कई सीमाई क्षेत्रों से लोग जगदलपुर में खरीददारी सहित अन्य कामों के लिए आते हैं। लेकिन सार्वजनिक जगहों पर पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ निगम आयुक्त हरीश मंडावी ने इस मामले में कहा कि, उन्होंने सभी वाटर एटीएम को नए सिरे से दुरुस्त करने के आदेश दिये हैं। इसके अलावा निगम द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ की व्यवस्था करने की बात कही जा रही है। लेकिन भीषण गर्मी में निगम के दावे फिलहाल कागजों में ही सीमित नजर आ रहे हैं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations