छत्तीसगढ़ के 10 जिलों के 15 नगरीय निकायों में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू
त्वरित ख़बरें -छत्तीसगढ़ के 15 नगरीय निकायों में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू, प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला

छत्तीसगढ़ के 10 जिलों के 15 नगरीय निकायों में सोमवार की सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया है। मतदान केंद्रों में कोरोना की गाइडलाइन का पालन करते हुए वोटिंग कराई जा रही है। सभी मतदान केंद्रों में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम हैं। 15 निकायों में 8 लाख से अधिक मतदाता 1733 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ है जो शाम पांच बजे तक चलेगा। नगरीय निकाय के इस चुनाव में ठंड का असर भी दिख रहा है। अभी बहुत कम लोग ही मतदान करने केंद्रों तक पहुंचे हैं। दोपहर बाद भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।  

छत्तीसगढ़ के चार नगर निगम बिरगांव, भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरोदा में चुनाव हो रहे हैं। इन चारों नगर निगमों में भाजपा-कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। दोनों ही पार्टियों ने यहां काफी दम लगाया है। आज प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाता कर रहे हैं। चुनाव को लेकर निकायों में भारी उत्साह है। शाम पांच बजे तक मतदान के बाद प्रत्याशियों की किस्मत मत पेटियों में बंद हो जाएंगी। 23 दिसंबर को मतों की गिनती होगी। 

छत्तीसगढ़ के इन निकायों में हो रहे मतदान
नगरीय निकाय निर्वाचन-2021 के तहत 15 नगरीय निकायों में आम निर्वाचन है, जिसमें 4 नगर निगम भिलाई, भिलाई-चरौदा, रिसाली और बिरगांव, 5 नगर पालिका में बैकुंठपुर, शिवपुर चरचा, सांरगढ़, जामुल, खैरागढ़ और 6 नगर पंचायतों में प्रेमनगर, नरहरपुर, कोंटा, भैरमगढ़, भोपालपटटनम और मारो शामिल हैं। सभी जगहों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations