छतरपुर में 10वीं के स्टूडेंट ने गणित के डर से फांसी लगा ली। उसने पेपर से पहले सोमवार रात यह कदम उठाया। परिवार वाले मंगलवार सुबह उठे तो बेटे को फंदे पर लटका देखा। सूचना के बाद पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। परिवार वालों का कहना है कि एग्जाम की टेंशन के कारण बेटे ने सुसाइड किया है। शिव कॉलोनी में रहने वाला सुमित पुत्र अमित ताम्रकार (17) उत्कृष्ट विद्यालय में कक्षा 10वीं का स्टूडेंट था। मंगलवार को उसका गणित का पेपर था। एग्जाम को लेकर सुमित पहले से ही डिप्रेशन में था। गणित का पेपर होने से वह और अधिक टेंशन में आ गया।
सुमित के परिजन नंदकिशोर कुशवाहा ने बताया कि बच्चों ने सालभर ऑनलाइन पढ़ाई की, लेकिन परीक्षा ऑफलाइन हो रही है। सुमित की तैयारी भी कम थी। इसी वजह से सुमित पिछले कई दिनों से टेंशन में था। मंगलवार को गणित का पेपर था। हमने उसे समझाया कि कोई बात नहीं, टेंशन मत लो, पेपर अच्छा जाएगा। खाना खाने के बाद वह पढ़ाई करने लगा था।
रात 11 बजे तक हम जाग रहे थे, तब तक तो वह पढ़ रहा था। उसने सुबह साढ़े 4 बजे का अलार्म भी लगा रखा था। अलार्म बजने के बाद भी वह नहीं उठा तो मां ने उठकर देखा। वह कमरे में नहीं था, इसके बाद दूसरे कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे पर लटका मिला।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। उसने यह कदम क्यों उठाया यह तो जांच के बाद ही पता चल पाएगा। परिवार वाले पढ़ाई को लेकर डिप्रेशन की बात कह रहे हैं।

Facebook Conversations