भिलाई - संपत्तिकर का भुगतान करने लोगों द्वारा नगर निगम को दिए गए चेक बाउंस हो गए हैं। ऐसे 76 करदाता हैं, जिन्होंने कार्रवाई व पेनल्टी से बचने तत्काल चेक तो दे दिए, लेकिन जब निगम ने चेक का आहरण करने बैंक में जमा किया तो खाते में उतनी राशि ही नहीं थी। हालांकि नगर निगम प्रशासन ने कानूनी कार्रवाई न करते हुए ऐसे सभी बकाएदारों को बख्श दिया है।
उन्हें अंतिम चेतावनी देते हुए ब्याज व पेनल्टी सहित संपूर्ण बकाया भुगतान करने तीन दिन की मोहलत दी है। इसके बाद नगर निगम एक्ट के तहत कार्रवाई करने के साथ-साथ थाने में भी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
27 करदाताओं ने टैक्स की राशि जमा की
76 करदाताओं ने टैक्स जमा करने के लिए चेक दिया था, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि नहीं रखी। जिसके चलते निगम के कोष में राशि जमा नहीं हो पाई है। ऐसे करदाताओं को नोटिस जारी कर राशि जमा करने कहा गया था। इनमें से 27 करदाताओं ने टैक्स की राशि जमा कर दी है। 49 करदाता अभी भी टैक्स का भुगतान नहीं कर रहे हैं। इन करदाताओं को मय ब्याज टैक्स की राशि जमा करने 3 दिन की मोहलत दी गई है।

Facebook Conversations