बिलासपुर के सिविल लाइन थाने में खुद पर आग लगाने वाले युवक के भाई का वीडियो सामने आया है। इसमें वह खुद को ब्लेड से काट रहा है और मोहल्ले की महिलाओं को फंसाने की धमकी दे रहा है। वीडियो में युवक बोल रहा है मुझे कुछ फर्क नहीं पड़ेगा। कितना पैसा लगेगा थाने में, मेरा एक पैर थाने में रहता है और एक पैर बाहर। तुम लोग अपना सोच लो।
वायरल वीडियो चार माह पहले का बताया जा रहा है। वीडियो उसके पड़ोसियों ने बनाया है। बताया जा रहा है कि खुद को आग लगाने वाला युवक समीर खान और उसका भाई सादिक बदमाश हैं। दोनों की हरकतों से मोहल्लेवाले परेशान रहते हैं। आए दिन विवाद करते हैं और लोगों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देते हैं। शुक्रवार रात को समीर खान खुद को आग लगाकर थाने पहुंच गया था। उसके बाद अब उसके भाई सादिक का वीडियो सामने आया है। जिसमें सादिक लोगों को डरा धमका रहा है। वहीं लोगों को कहना है कि ये दोनों भाई ऐसे ही करते हैं, लोगों को फंसाने के लिए इसी तरह डराते धमकाते हैं।
शुक्रवार की रात मंगला में रहने वाले समीर खान ने सिविल लाइन थाने में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा लिया था, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। इस घटना से हड़बड़ाए पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आग बुझाई और उसे CIMS अस्पताल में भर्ती कराया था। बाद में उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया।
थाना परिसर में हुई इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। इधर, युवक के भाई और परिजन भी पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने के गंभीर आरोप लगाए थे। जिसकी वजह से समीर खान ने आग लगाने की बात कही थी। उसने एक लड़की पर उसे परेशान करने का आरोप लगाया था और खुद को आग लगाकर थाने पहुंच गया था। समीर ने लड़की पर उसका पैसा लेने और वापस नहीं करने का भी आर लगाया था। जिसकी वजह से वह कुछ दिन पहले आत्महत्या का प्रयास भी कर चुका था। बकायदा उसने एक सुसाइड नोट भी लिखा था। इस मामले में लड़की पक्ष के लोगों ने समीर पर भी गंभीर आरोप लगाए थे।
भाई को बोला था-वीडियो बनाने
जानकारी मिली है कि थाने में आग लगाने वाले युवक समीर खान ने पेट्रोल डालने के बाद उस दिन अपने भाई को माचिस जलाने और वीडियो बनाने के लिए बोला था। समीर जलते हुए थाने तरफ दौड़ रहा था, तब उसका भाई सादिक वीडियो बना रहा था। बाद में उसने थाने के एक SI पर आग लगाने के लिए उकसाने और पिटाई करने का आरोप लगा दिया। फिलहाल समीर खान का इलाज जारी है। इस बीच उसका उसके भाई का वीडियो सामने आ गया है।

Facebook Conversations