भिलाई में शिक्षक दिवस समारोह की धूम, उत्कृष्ट शिक्षकों को सांसद विजय बघेल ने किया सम्मानित
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

भिलाई। शिक्षक दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला शिक्षा प्रकोष्ठ की ओर से एमजीएम पब्लिक स्कूल, मिलन चौक कैंप-2 भिलाई में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती भी मनाई गई। समारोह का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करना और समाज में उनके महत्व को रेखांकित करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल रहे, जबकि अध्यक्षता महेश वर्मा ने की। कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा प्रकोष्ठ के संयोजक विनोद उपाध्याय के नेतृत्व और सह-संयोजक अंबिका त्रिवेदी के मार्गदर्शन में किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, क्षेत्रवासी और विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रशंसा पत्र भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस को शिक्षक दिवस के रूप में मनाना गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।

सांसद बघेल ने एमजीएम समूह की शिक्षा के क्षेत्र में भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि लगभग 25 वर्ष पहले कैंप क्षेत्र में विद्यालय की शुरुआत हुई थी और अंबिका त्रिवेदी एवं उनके भाइयों द्वारा शिक्षा के विस्तार के लिए कई शाखाओं तथा सरस्वती ज्ञान मंदिरों की स्थापना की गई। वर्तमान में समूह में करीब 2500 विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने निजी विद्यालयों में विभिन्न चुनौतियों के बावजूद शिक्षकों द्वारा पूरी निष्ठा और समर्पण से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने को सराहनीय बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महेश वर्मा ने कहा कि माता-पिता बच्चों के प्रथम गुरु होते हैं, जबकि शिक्षक उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों के योगदान को नमन करते हुए शिक्षा और संस्कार के माध्यम से समाज को मजबूत बनाने की बात कही।

वहीं भोजराज सिन्हा ने भी शिक्षक दिवस एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती की शुभकामनाएं देते हुए गुरु के महत्व को सर्वोच्च बताया और उपस्थित शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

समारोह में शिक्षकों के सम्मान के साथ कार्यक्रम का वातावरण पूरी तरह गुरुजनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और गौरव की भावना से सराबोर रहा।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations