भेड़ाघाट घूमने आई महिला की संदिग्ध हालत में मौत ,
त्वरित ख़बरें - तीन डॉक्टरों के पैनल से पीएम कराया गया,महिला की मौत की वजह पॉइजनिंग माना जा रहा है,

इंदौर से जबलपुर भेड़ाघाट घूमने आई 36 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालत में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। शहर के रसल चौक स्थित होटल में महिला, पति व परिजन के साथ ठहरी थी। तीन डॉक्टरों के पैनल से पीएम कराया गया। महिला की मौत की वजह पॉइजनिंग माना जा रहा है। 

ओमती पुलिस के मुताबिक 42-ई राजेन्द्र नगर इंदौर निवासी वैभव मुंगी ने बताया कि वह शुभम हाउसिंह फाइनेंस कंपनी में रीजनल बिजनस गाइड है। इंदौर से 21 मार्च को सुबह 7 बजे अपने वाहन से पत्नी रूचि (36) और चाचा स्वनंद नाइक के साथ जबलपुर भेड़ाघाट घूमने व बिजनेस के काम से आया था। वह जबलपुर में रसल चौक के पास अनमोल क्लासिक होटल में रूम नंबर 112 में ठहरा था। चाचा स्वनंद नाइक अपने ससुराल प्रीति विहार नर्मदा रोड चले गए। 22 मार्च को वह भंवरताल गार्डन के पास शुभम हाउसिंग फाइनेंस कंपनी ऑफिस चला गया। वहां से दोपहर तीन बजे लौटा। इसके बाद पत्नी रूचि के साथ भेड़ाघाट घूमने चला गया। रात में खाना खाकर सो गए।

देर रात बिगड़ी तबीयत

देर रात ढाई बजे उसकी पत्नी रूचि ने गर्मी और घबराहट होने की बात कही। उसने एसी का टेम्परेचर कम किया। 6 मिनट बाद उसकी पत्नी रूचि बिस्तर से गिर गई। कॉल करके होटल स्टाफ और चाचा को बुलाया। इसके बाद जबलपुर अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबलपुर अस्पताल से उसकी पत्नी को विक्टोरिया अस्पताल ले गए। वहां से मेडिकल कॉलेज ले गए।

2007 में हुई थी शादी

वैभव ने बताया कि उसकी शादी रूचि मुंगी से 6 मई 2007 में हुई थी। उनका एक 13 वर्ष का एक बेटा है। पुलिस ने घटना स्थल होटल अनमोल क्लासिक के रूम नंबर 112 को चेक किया, लेकिन वहां कोई संदिग्ध साक्ष्य नहीं मिला। मौके पर एफएसएल प्रभारी डॉ. सुनीता तिवारी व फोटोग्राफर भी पहुंचे थे।

तीन डॉक्टरों की टीम ने पीएम किया। इसमें एक महिला डॉक्टर थी। पीएम करने वाले डॉक्टर ने बताया कि रूचि का शरीर नीला पड़ गया था। पॉइजनिंग की आशंका व्यक्त करते हुए बिसरा प्रिजर्व कर लिया है। पीएम रिपोर्ट आज मिलने की उम्मीद है। पुलिस के मुताबिक पति वैभव के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations