बेमेतरा , में विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जिले के जूनियर एवं यूथ रेडक्रॉस दल ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा और सामाजिक सेवा भावना का परिचय दिया। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा 8 मई से रेडक्रॉस स्थापना सप्ताह की शुरुआत की गई, जिसके तहत रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल चिकित्सा महाविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
बेमेतरा जिले से जूनियर एवं यूथ रेडक्रॉस के दल को शासकीय पी.जी. महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वीना त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नाटक, चित्रकला और अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बेमेतरा की टीम ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से सभी का ध्यान आकर्षित किया और जिले का नाम पूरे राज्य में गौरवान्वित किया।
पीएम श्री सेजेस राठी एवं सेजेस कन्या विद्यालय की छात्राओं ने सामूहिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोडगिरि की छात्राओं ने सामाजिक संदेश से भरपूर प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया। चित्रकला प्रतियोगिता में सेजेस राठी के छात्र सागर श्रीवास ने राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया। उनकी इस उपलब्धि से जिले के विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखा गया।
यूथ रेडक्रॉस की गतिविधियों को सफल बनाने में शासकीय पी.जी. महाविद्यालय के प्रभारी द्विवेदी जी एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं जूनियर रेडक्रॉस से जुड़े काउंसलर श्रीमती वीना वर्मा, मो. जावेद, अनूप सिंह तथा अंकित निर्मलकर के निरंतर प्रयासों से जिले में रेडक्रॉस गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। उनके मार्गदर्शन में छात्र-छात्राएं सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और मानवीय सहायता जैसे कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्री योगेश साहू एवं सुश्री निधी शर्मा को छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री गजेंद्र यादव द्वारा सम्मानित किया गया। दोनों लंबे समय से रेडक्रॉस गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं और समाज सेवा के क्षेत्र में प्रेरणादायक कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर जिला अस्पताल बेमेतरा में महिलाओं के लिए कैंसर एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया गया, जिससे बड़ी संख्या में महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और जांच सुविधा मिली। साथ ही रेडक्रॉस की छात्राओं एवं सहायक जिला रेडक्रॉस अधिकारी युवराज सिंह बनाफर द्वारा रेडक्रॉस स्टीकर लगाकर सहयोग राशि एकत्रित की गई। जिला संगठक उपेंद्र सिंह सेंगर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में बेमेतरा जिले का रेडक्रॉस दल राज्य स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने में सफल रहा है। यह कार्यक्रम समाज सेवा, मानवता और युवाओं की सकारात्मक भागीदारी का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।

Facebook Conversations