बाइकर्स ने लंगर खा रहे लोगों को कुचला:दुर्ग के बाइकर्स गैंग में शामिल होकर हर रोज करता था रेसिंग
त्वरित खबरे

भिलाई  2 1 मई 2022

सेक्टर 6 बीएसपी स्कूल के पास देर रात सड़क दुर्घटना में गई बाइकर्स की जान का मामला जिले की पुलिसिंग पर सवाल खड़ा कर रहा है। पुलिस की शुरूआती जांच में पता चला है कि जिस बाइक सवार दुर्गेश गोस्वामी (22 साल) की जान गई है। वह दुर्ग के बाइकर्स गैंग का सदस्य था। उसने गैंग में शामिल होने के लिए कुछ महीने पहले ही लगभग दो लाख रुपए में केटीएम की स्पोर्ट्स बाइक खरीदी थी। इस गैंग में करीब 10-15 लड़के हैं। ये सभी हर रोज देर शाम बाइक से रेसिंग व स्टंट करते थे। इसके बाद भी पुलिस इनकी स्पीड पर लगाम नहीं लगा पाई।


केटीएम बाइक के साथ मृतक दुर्गेश गोस्वामी

केटीएम बाइक के साथ मृतक दुर्गेश गोस्वामी

भिलाई नगर थाने के जांच अधिकारी एएसआई भोजराम साहू ने बताया कि मृतक की पहचान दुर्गेश गोस्वामी पिता स्व. विपिन गोस्वामी के रूप में हुई है। वह वार्ड 58 हॉस्पिटल सेक्टर का रहने वाला है। दुर्गेश के पिता नहीं हैं। मां प्राइवेट जॉब करके घर चलाती है। दुर्गेश दो भाई एक बहन में सबसे छोटा है। वह खुद प्राइवेट जॉब करता था। अपनी वेतन से पैसे जमा करके ही उसने दो तीन महीने पहले स्पोर्ट्स बाइक खरीदी थी। घरवालों को यह नहीं पता कि वह हर दिन वह सेक्टर की सड़कों पर बाइक रेसिंग करता है। दुर्गेश हर दिन की तरह गुरुवार शाम घर में यह कहकर निकला था कि वह जॉब पर जा रहा है। इसके बाद वह गैंग के सदस्यों से सेक्टर 9 चौक में मिला और रोज की तरह उनकी रेसिंग शुरू हो गई। रात 9 बजे के करीब वह सेक्टर 5 में 7 मिलियन चौक के पास सेक्टर बीएसपी स्कूल के पास जैसे ही पहुंचा उसका संतुलन बिगड़ गया। खिचड़ी का प्रसाद लेने जा रही महिलाओं के बगल से उसने जिगजैग स्टाइल से बाइक निकाली तो महिलाएं हड़बड़ा गईं और बाइक से टकरा गई। इससे दुर्गेश दो महिलाओं एक युवक को टक्कर मारते हुए दूर जा गिरा। अंदरूनी चोट आने से वह वहीं बेहोश हो गया। जब उसे अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पुलिस ने किया जब्त

दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पुलिस ने किया जब्त

घायलों के बारे में नहीं हुई पहचान

100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक की स्पीड में दुर्गेश ने दो महिलाओं और एक पुरुष को टक्कर मारी थी। इसमें दोनों महिलाएं हवा में उछलकर दूर जा गिरीं और उनके हाथ पैर टूट गए। महिलाएं और युवक को कितनी चोटें आई और वे कौन थे इसके बारे में अभी पुलिस पता नहीं कर पाई है। पुलिस का कहना है कि उनका उपचार चल रहा है। जांच के दौरान उनका नाम पता नोट करके बयान दर्ज किए जाएंगे।

पुलिस की नाक के नीचे से निकलते थे बाइकर्स

आपको बता दें बाइकर्स गैंग के सभी लड़के तेज साउंड वाले साइलेंसर का उपयोग करते हैं। इनके द्वारा फुल रफ्तार में सेक्टर 9 चौक से सेक्टर 1 चौक तक रेसिंग की जाती थी। हर दिन वो पुलिस कंट्रोल रूम और भिलाई नगर थाने के सामने से 100 किलोमीटर प्रतिघंटा से अधिक रफ्तार में निकलते थे। पुलिस अधिकारियों को इनके बारे में जानकारी भी होती थी, लेकिन वह इन्हें पकड़ने से डरती रही। कई बार पुलिस ने तेज साउंड और रफ्तार वाली बाइक की जब्ती की, लेकिन इन बाइकर्स गैंग के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations