अप्रैल माह में ट्विनसिटी में रात का पारा अधिक और दिन का पारा कम है। 14 दिनों से अधिकतम तापमान 4 दिन सामान्य रहा है और चार दिन सामान्य से कम। बचे छह दिन तापमान सामान्य से अधिक रहा है। सामान्य से अधिक तापमान वाला दिन 1 से 4 अप्रैल तक, 7 और 8 अप्रैल को रहा है।
5, 6, 8 और 9 अप्रैल को पारा सामान्य रहा और 11 से 14 तक तापमान सामान्य से कम रहा है। इसका औसत 39.7 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान इसके ठीक उल्टा रहा है। एक अप्रैल से अभी तक 8 दिन न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक और 6 दिन सामान्य रहा है। 13 अप्रैल को सीजन का 26 डिग्री के साथ न्यूनतम तापमान अपने उच्चतम पैमाने पर रहा। इसका औसत 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा। गुरुवार को तापमान कम रहा। आसमान पर 40 फीसदी बादल छाए रहे। आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी।
रायपुर मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक हरिप्रसाद चंद्रा के अनुसार अधितकतम तापमान के सामान्य बने रहने के दो बड़े कारण हैं। इसमें कर्नाटक से पश्चिमी विदर्भ तक द्रोणिका 0.9 किमी तक विस्तारित होना है। वहीं दूसरा कारण उत्तरी और दक्षिणी हवाएं मिलकर बादल बना रही हैं। इससे दिन का पारा 39 डिग्री के करीब बना हुआ है। इसके अलावा ड्यू की स्थिति निर्मित होने से दिन के तापमान में अधिक वृद्धि नहीं हो रही।
2021 की तुलना में 2022 का अप्रैल 2.8 डिग्री गर्म
वर्ष 2021 में अप्रैल के 14 दिनों में न्यूनतम तापमान का औसत 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं वर्ष 2022 में 1 से 14 अप्रैल तक की अवधि में न्यूनतम तापमान का औसत 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा है। इस तरह दोनों के बीच 2.8 डिग्री का अंतर है। पिछले साल इन 14 दिनों के भीतर 10 अप्रैल को सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं इस बार 13 अप्रैल को 26 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों वर्षों के अधिकतम तापमान के औसत में विशेष फर्क नहीं है। 2021 में अधिकतम पारा का औसत 39.8 रहा है तो 2022 में यह 39.7 है।
गर्म व ठंडी हवा के मिलने के कारण दोपहर में बदली
8 अप्रैल से हर दिन दोपहर बाद बादल छा रहे और शाम ढलते ही उड़ भी जाते हैं। बीच में एक दिन बूंदाबांदी की भी स्थिति बनी थी। 14 अप्रैल को भी दोपहर बाद वातावरण में 40 फीसदी बादल छाए रहे। इस दौरान हवा की औसत गति 6 किलोमीटर प्रतिघंटे रही। गरज-चमक की स्थिति बनी लेकिन बारिश नहीं हुई। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि इन दिनों बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त अपेक्षाकृत ठंडी हवा आ रही है तो पश्चिम से गर्म हवा। इन दोनों के संगम से बादल छा जाते हैं। लेकिन अधिक ठंड नहीं होने की वजह से बरस नहीं रहे हैं।
24 घंटे में अधि. 40 डिग्री न्यून. पारा 27 डिग्री संभव
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटे के दौरान ट्विनसिटी और उसके आसपास का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के करीब हो सकता है। दोपहर बाद आकाश आंशिक मेघमय हो सकता है। इससे उमस की स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान गर्म हवाएं भी चल सकती हैं। दिन में प्रकाश की अवधि 8 से 9 घंटे की हो सकती है। इसकी वजह से अधिक गर्मी का अहसास होने का अनुमान है। फिलहाल अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना कम है।

Facebook Conversations