ऐतिहासिक निर्णय: डोंगरगढ़–कटघोरा नई रेल लाइन को मिली स्वीकृति
सांसद संतोष पांडेय के प्रयासों को मिली बड़ी सफलता, क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति...
नई दिल्ली/रायपुर | त्वरित खबरें | 30 जुलाई 2026
राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात के रूप में डोंगरगढ़–कटघोरा नई रेल लाइन को स्वीकृति मिल गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू एवं राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय की उपस्थिति में हुई बैठक में छत्तीसगढ़ में रेल विस्तार पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में क्षेत्रवासियों की लंबे समय से लंबित डोंगरगढ़–कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। केंद्रीय रेल मंत्री ने जनभावनाओं के अनुरूप इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान करने के साथ ही बस्तर क्षेत्र की दो नई रेल लाइन परियोजनाओं को भी मंजूरी दे दी।
सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि डोंगरगढ़–कटघोरा रेल लाइन के लिए उन्होंने लगातार प्रयास किए, लोकसभा में इस मांग को प्रमुखता से उठाया और विभिन्न स्तरों पर लगातार पैरवी की। उन्होंने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैश्णव राजनांदगांव लोकसभा एवं छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इस नई रेल लाइन के निर्माण से डोंगरगढ़, कटघोरा एवं आसपास के क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
विशेष:
डोंगरगढ़–कटघोरा रेल लाइन की स्वीकृति को राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।

Facebook Conversations