भिलाई। गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-2 भिलाई की पूर्व छात्राओं का एक भावनात्मक और यादगार रीयूनियन कार्यक्रम हाल ही में आयोजित किया गया। करीब 35 वर्षों बाद एक-दूसरे से मिलने का यह खास मौका सभी के लिए बेहद खास रहा। इस कार्यक्रम का आयोजन रीटा कुखरानियां ने किया, जिन्होंने सभी पुरानी सहेलियों को एक मंच पर जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया।
यह रीयूनियन दुर्ग के रोमन पार्क में रखा गया, जहां पुराने दिनों की यादों के साथ माहौल पूरी तरह से भावुक और उत्साह से भरा नजर आया। लगभग 35 साल बाद मिली इन सहेलियों ने एक-दूसरे को गले लगाकर अपने बचपन और स्कूल के दिनों को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने जमकर मस्ती की। किसी ने अपने पुराने किस्से साझा किए तो किसी ने स्कूल के दिनों की शरारतों को याद कर खूब ठहाके लगाए। साथ ही सभी ने मिलकर नृत्य और गीतों का आनंद लिया, जिससे पूरा वातावरण खुशनुमा हो गया।
इस अवसर पर कई महिलाओं ने अपने जीवन के अनुभव भी साझा किए और बताया कि समय भले ही कितना भी बीत जाए, सच्ची दोस्ती कभी खत्म नहीं होती। सभी ने इस आयोजन के लिए रीटा कुखरानियां का आभार जताया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करते रहने की इच्छा व्यक्त की।
यह रीयूनियन न केवल पुरानी यादों को ताजा करने का माध्यम बना, बल्कि सभी के दिलों में दोस्ती की नई ऊर्जा और खुशी भी भर गया।

Facebook Conversations