12वीं कक्षा में 75 फीसदी अंक होना अनिवार्य कर दिया है। साथ ही अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 65 फीसदी अंक अनिवार्य किया गया है।
त्वरित खबरे-

मिनिस्ट्री ऑफ एजुकेशन ने इस बार ज्वाइंट इंट्रेंस एग्जाम यानी जेईई के लिए 12वीं कक्षा में 75 फीसदी अंक होना अनिवार्य कर दिया है। साथ ही अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 65 फीसदी अंक अनिवार्य किया गया है।


कोरोना संक्रमण काल में अंकों की अनिवार्यता में छूट दी गई थी। स्थिति सामान्य होने के बाद पुन: नियम को लागू कर दिया गया है। इससे ड्रॉप लेकर जेईई की तैयारी कर रहे ट्विनसिटी के करीब डेढ़ हजार छात्रों की परेशानी बढ़ गई है।

इसका सबसे बड़ा कारण है कि कोरोना काल के कारण कई छात्रों के 75 फीसदी अंक नहीं हैं। वहीं एनटीए ने नीट यूजी की परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। जारी अधिसूचना के अनुसार 7 मई को नीट की परीक्षा होगी। इसके लिए आने वाले दिनों में आवेदन पत्र जमा कराए जाएंगे। इसके अलावा आईसीएआर एआईईईए-2023 की तिथि भी जारी कर दी गई है। इसकी परीक्षा 26 से 29 अप्रैल तक होगी।

एडवांस के लिए 30 अप्रैल से पंजीयन, 4 जून को दो पालियों में होगी परीक्षा

एनटीए ने जेईई एडवांस की भी तारीख तय कर दी है। इसके अनुसार 30 अप्रैल से इसके लिए पंजीयन किया जाएगा। 5 मई तक इसके शुल्क जमा किए जा सकेंगे। 29 मई से परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। इसके बाद 4 जून को दो पालियों में जेईई एडवांस की परीक्षा होगी। पहली पाली का समय सुबह 9 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली का समय दोपहर 2.30 से शाम 5.30 तक तय किया गया है। इससे छात्रों को सहुलियत होगी। इस संबंध में और अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी एनटीए की वेबसाइट www.nta.ac.in से संपर्क कर सकते हैं।

जेईई में अच्छा स्कोर करने के बाद भी टॉप आईआईटी में नहीं मिल पाएगा प्रवेश

75 फीसदी अनिवार्य अंक से उन छात्रों की परेशानी बढ़ गई है, जिन्हें 12वीं में कम अंक मिले हैं। इसमें ट्विनसिटी के साथ-साथ उससे जुड़े अन्य जिलों और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे शामिल हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ड्रॉप लेकर जेईई की तैयारी करने वाले कई विद्यार्थी ऐसे हैं जिनकी कोरोना संक्रमण काल में 12वीं में कम अंक आए हैं। अब यह विद्यार्थी जेईई में अच्छा स्कोर करने के बाद भी देश के टॉप आईआईटी में प्रवेश पाने से वंचित हो सकते हैं। इस बात की उन्हें चिंता सता रही है। इसी वजह से वह पहले की तरह अंकों की अनिवार्यता नहीं रखने की बात कह रहे हैं।

24 से 31 जनवरी तक पहले चरण और 6 अप्रैल से दूसरे चरण की परीक्षा

अंकों की अनिवार्यता संबंधी शर्तों के साथ ही जेईई मेंस की दो चरणों में होने वाली परीक्षा की तिथियां भी घोषित कर दी गई है। इसके अनुसार 24 से 31 जनवरी तक जेईई मेंस के पहले चरण की परीक्षा होगी। किसी कारणवश यदि परीक्षा में कोई बाधा आती है तो इसके लिए रिजर्व तारीखें भी रखी गई। जेईई पहले चरण की परीक्षा के लिए रिजर्व डेट्स 1 से 3 फरवरी रखी गई है। इसी तरह दूसरे चरण की परीक्षा 6 से 12 अप्रैल के बीच होगी। इसके लिए रिजर्व तारीख 13 और 15 अप्रैल रखा गया है। इसके साथ ही एडवांस की भी तारीखें तय कर दी गई हैं।

ट्विनसिटी से हर साल हजारों छात्र होते हैं प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल

ट्विनसिटी से हर साल प्रतियोगी परीक्षाओं हजारों परीक्षार्थी शामिल होते हैं। इनमें से अधिकांश परीक्षार्थी नीट और जेईई मेंस के साथ जेईई एडवांस की परीक्षा देते हैं। इसके अलावा कंपनी सेक्रेटरी, पीईटी, पीपीएचटी आदि परीक्षाओं में भी शामिल होते हैं। इसमें ट्विनसिटी के साथ ही उसके आसपास के जिलों के छात्र भी शामिल होते हैं। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रहनेवाले विद्यार्थी भी ट्विनसिटी को ही परीक्षा केंद्र के रूप में चुनते हैं और यहां आकर परीक्षा देते हैं। इसमें इंजीनियरिंग, मेडिकल, कॉमर्शियल और प्रोफेशनल कोर्स भी शामिल हैं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations