भिलाई में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जामुल थाना क्षेत्र में हेरोइन (चिट्टा) की अवैध बिक्री करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से लगभग 10 लाख रुपए कीमत की हेरोइन, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार 8 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन बीएनएस स्कूल के पास एक महिला अवैध रूप से हेरोइन रखकर उसकी बिक्री कर रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए जामुल थाना पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर संदिग्ध महिला की पहचान की और महिला आरक्षक की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान महिला के पास से 49.8 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। इसके अलावा नशीले पदार्थ की बिक्री से प्राप्त 1,000 रुपए नकद और एक कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस ने मौके पर ही महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिला की पहचान 25 वर्षीय राजविंदर कौर निवासी एलआईजी-312, हाउसिंग बोर्ड, भिलाई, थाना जामुल, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक बरामद हेरोइन की अनुमानित बाजार कीमत 9 लाख 96 हजार रुपए है। वहीं नकदी और मोबाइल फोन सहित कुल जब्त सामग्री की कीमत करीब 9 लाख 97 हजार 300 रुपए आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। आरोपी महिला के नेटवर्क और उसके संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि नशे के कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
गौरतलब है कि इससे पहले भी पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में चिट्टा तस्करी के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया जा चुका है। उस कार्रवाई में करीब 6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है, जिसके चलते नशे के कारोबारियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज में नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Facebook Conversations